असम में होटलों, रेस्तराओं, सार्वजनिक स्थलों पर गोमांस परोसे जाने एवं खाने पर रोक लगेगी: हिमंत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 04 Dec 2024 09:18 PM
असम में होटलों, रेस्तराओं, सार्वजनिक स्थलों पर गोमांस परोसे जाने एवं खाने पर रोक लगेगी: हिमंत
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को घोषणा की है कि राज्य सरकार ने रेस्तरा, होटल एवं सार्वजनिक स्थलों पर गोमांस परोसे जाने और खाने पर रोक लगाने का फैसला किया है. राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस संबंध में मौजूदा कानून में संशोधन कर नए प्रावधानों को शामिल करने का निर्णय लिया गया.

शर्मा ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”हमने रेस्तरा, होटल एवं सार्वजनिक स्थलों पर गोमांस परोसे जाने तथा खाने पर रोक लगाने का फैसला किया है.” उन्होंने कहा कि गोमांस सेवन पर मौजूदा कानून सख्त है, लेकिन रेस्तरां, होटल और धार्मिक या सामाजिक समारोहों में गोमांस खाने पर अभी तक कोई प्रतिबंध नहीं है.

मुख्यमंत्री ने कहा, ”अब हमने असम में सार्वजनिक स्थानों पर भी गोमांस सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए कानून को और सख्त बनाने का फैसला किया है.” शर्मा ने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई हवाई अड्डे को शहर से जोड़ने वाली सड़क को चार लेन से छह लेन तक चौड़ा करने का भी निर्णय लिया गया. मंत्रिमंडल की बैठक में शर्मा ने दिल्ली से डिजिटल तौर पर भाग लिया.

उन्होंने बताया कि सात दिसंबर को मंत्रिमंडल का विस्तार होगा और कुछ नए मंत्री शपथ लेंगे. राष्ट्रीय राजधानी में हुई बैठकों की श्रृंखला के बारे में जानकारी देते हुए शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ बैठक के दौरान उन्होंने एक लाख करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की मंजूरी के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत किए. मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार 25,000 करोड़ रुपये की लागत से गुवाहाटी से सिलचर तक एक एक्सप्रेसवे बनाने की भी योजना बना रही है, जिससे दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय मौजूदा 12 घंटे से घटकर सिर्फ पांच घंटे रह जाएगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu