पहले ही कह चुका हूं कि सही काम नहीं करने वाले ठेकेदार को बुलडोजर के नीचे डलवा देंगे: गडकरी

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 05 Dec 2024 04:30 PM
पहले ही कह चुका हूं कि सही काम नहीं करने वाले ठेकेदार को बुलडोजर के नीचे डलवा देंगे: गडकरी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने सड़क निर्माण में खामियों से जुड़े सवालों पर बृहस्पतिवार को लोकसभा में कहा कि वह पहले ही कह चुके हैं कि ‘‘सही काम नहीं करने वाले ठेकदार को बुलडोजर के नीचे डलवा दिया जाएगा’’।

उन्होंने सदन में प्रश्नकाल के दौरान राजस्थान के नागौर से सांसद हनुमान बेनीवाल के पूरक प्रश्न के उत्तर में यह भी कहा कि ठेकेदारों को ‘ठोक-पीटकर’ ठीक कर दिया जाएगा। गडकरी ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारे विभाग ने 50 लाख करोड़ रुपये के काम किए। हम पारदर्शी हैं, समयबद्ध हैं, परिणाम देने वाले हैं।’’
उनका कहना था, ‘‘मैं इसका उल्लेख नहीं करना चाहता था… मैं एक जनसभा में कह चुका हूं कि अगर ठेकेदार ठीक ढंग से काम नहीं करेगा तो उसे बुलडोजर के नीचे डलवा देंगे, याद रखना। इस साल देखो, इनको ठोक-पीटकर ठीक कर दूंगा, हम बिल्कुल समझौता नहीं करेंगे।’’ उन्होंने सदन को बताया कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के निर्माण में पाई गईं कमियों के लिए चार ठेकेदारों को जिम्मेदार ठहराया गया है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए यह भी कहा कि आईआईटी-खड़गपुर और आईआईटी-गांधीनगर के विशेषज्ञों ने एक्सप्रेसवे का निरीक्षण किया और इसके निर्माण में खामियां पाईं।

गडकरी ने कहा, ‘‘हमने चार ठेकेदारों को नोटिस जारी किया है और उन्हें काली सूची में डाल देंगे। सख्त कार्रवाई की जाएगी। संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।’’ मंत्री ने बताया कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे देश की सबसे लंबी सड़क है और इसका निर्माण सबसे कम समय में हुआ है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital