भारत को बड़ा झटका, निशानेबाजी और हॉकी 2026 युवा ओलंपिक से बाहर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 05 Dec 2024 09:12 PM
भारत को बड़ा झटका, निशानेबाजी और हॉकी 2026 युवा ओलंपिक से बाहर
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारत की पदक संभावनाओं को बड़ा झटका लगा जब अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के कार्यकारी बोर्ड ने सेनेगल के डकार में होने वाले 2026 युवा ओलंपिक के लिए पदक खेलों की सूची से निशानेबाजी, भारोत्तोलन और हॉकी को हटा दिया है. निशानेबाजी, भारोत्तोलन और हॉकी को युवा ओलंपिक 2026 में 10 गैर पदक खेलों के रूप में शामिल किया गया है.

अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में 2018 युवा ओलंपिक खेलों में भारत ने 13 पदक (तीन स्वर्ण, नौ रजत और एक कांस्य) जीते थे जिनमें से निशानेबाजी में चार पदक (दो स्वर्ण और दो रजत) और हॉकी में दो रजत पदक आए थे. भारोत्तोलन में एक स्वर्ण मिला था.
पेरिस ओलंपिक की दोहरी पदक विजेता स्टार निशानेबाज मनु भाकर ने लड़कियों की 10 मीटर एयर पिस्टल में स्वर्ण और मिश्रित 10 मीटर एयर पिस्टल में रजत पदक जीता था.

तीन दिसंबर को लुसाने में अपनी बैठक में आईओसी कार्यकारी बोर्ड ने 31 अक्टूबर से 13 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले 2026 युवा ओलंपिक खेलों के लिए खेलों और खिलाड़ी कोटा की पुष्टि की. युवा ओलंपिक में 15 से 18 वर्ष की आयु के खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा होती है.

आईओसी ने अपनी वेबसाइट पर कहा, ”यह निर्णय लिया गया कि डकार 2026 में सभी 35 अंतरराष्ट्रीय महासंघों की आधिकारिक भागीदारी को बनाए रखा जाएगा जिसमें 25 खेल प्रतियोगिता कार्यक्रम में शामिल होंगे और 10 खेल भागीदारी कार्यक्रम का हिस्सा होंगे.” जिन 25 खेलों में पदक दिए जाएंगे वे एथलेटिक्स (ट्रैक एवं फील्ड), एक्वेटिक्स (तैराकी), तीरंदाजी, बैडमिंटन, बेसबॉल (बेसबॉल 5), बास्केटबॉल (3 गुणा 3), मुक्केबाजी, ब्रेकिंग, साइकिलिंग (रोड साइकिलिंग), घुड़सवारी (जंपिंग), तलवारबाजी, फुटबॉल (फुटसाल), जिम्नास्टिक (कलात्मक), हैंडबॉल (बीच हैंडबॉल), जूडो, रोइंग (तटीय रोइंग), रग्बी (रग्बी सेवन्स), नौकायन, स्केटबोर्डिंग (स्ट्रीट), टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, ट्रायथलन, वॉलीबॉल (बीच वॉलीबॉल), कुश्ती (बीच कुश्ती) और वुशु हैं.

इन खेलों में शामिल होने वाले गैर पदक खेल कैनोइंग-कयाकिंग, गोल्फ, हॉकी, कराटे, मॉडर्न पेंटाथलन, निशानेबाजी, स्पोर्ट क्लाइंबिंग, र्सिफंग, टेनिस और भारोत्तोलन हैं. इन खेलों का सेनेगल की राजधानी में तीन मेजबान स्थलों डकार, डायमनियाडियो और सैली में आयोजन किया जाएगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu