दक्षिण अफ्रीका डब्ल्यूटीसी तालिका में शीर्ष पर, भारत तीसरे स्थान पर खिसका

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 09 Dec 2024 07:54 PM
दक्षिण अफ्रीका डब्ल्यूटीसी तालिका में शीर्ष पर, भारत तीसरे स्थान पर खिसका
ऑडियो सुनें

दुबई. दक्षिण अफ्रीका सोमवार को श्रीलंका को 109 रन से हराकर ऑस्ट्रेलिया को पछाड़कर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया जबकि एडीलेड टेस्ट में हार के बाद भारत तीसरे स्थान पर खिसक गया. दक्षिण अफ्रीका के मौजूदा चक्र में 10 मैच के बाद 63.33 प्रतिशत अंक हैं और उसके बाद ऑस्ट्रेलिया का नंबर आता है जिसमें 60.71 प्रतिशत अंक हैं. पर्थ में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का पहला टेस्ट जीतकर भारत एडीलेड टेस्ट से पहले शीर्ष पर चल रह था.

एडीलेड में गुलाबी गेंद के टेस्ट से पहले भारत के 61.11 अंक थे. भारत को हालांकि एडीलेड में तीन दिन के भीतर हार का सामना करना पड़ा जिससे उसके 57.29 प्रतिशत अंक रह गए हैं. अगले साल होने वाले डब्ल्यूटीसी फाइनल में लगातार तीसरी बार जगह बनाने के लिए भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बाकी बचे अपने तीनों मैच जीतने होंगे. ऑस्ट्रेलिया के एडीलेड टेस्ट से पहले 57.69 प्रतिशत अंक थे.

रविवार को भारत को हराकर ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर पहुंच गया लेकिन एक ही दिन शीर्ष पर रह पाया क्योंकि दक्षिण अफ्रीका गक्बेरहा के सेंट जॉर्ज पार्क में दूसरे टेस्ट में श्रीलंका को हराकर शीर्ष पर पहुंच गया. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच श्रृंखला 1-1 से बराबर है. ऑस्ट्रेलिया को इस श्रृंखला के बाद श्रीलंका में भी दो टेस्ट खेलने हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu