फिल्म ‘पुष्पा 2’ से प्रेरित होकर आप और भाजपा के बीच ‘पोस्टर वार’

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 09 Dec 2024 09:02 PM
फिल्म ‘पुष्पा 2’ से प्रेरित होकर आप और भाजपा के बीच ‘पोस्टर वार’
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले अभिनेता अल्लू अर्जुन अभिनीत फिल्म ‘पुष्पा 2’ से प्रेरित होकर ‘पोस्टर वार’ में लिप्त हो गई हैं.
आप ने हाल ही में फिल्म की तर्ज पर एक पोस्टर जारी किया, जिसका शीर्षक फिल्म के संवाद पर आधारित है ”केजरीवाल झुकेगा नहीं”.

पोस्टर में केजरीवाल को फिल्म के नायक की तरह दिखाया गया है और उनके कंधे पर आप का चुनाव चिह्न ‘झाड़ू’ है. पोस्टर पर लिखा है, ”चौथा कार्यकाल जल्द ही आ रहा है” तथा 2013, 2015 और 2020 में दिल्ली विधानसभा चुनावों में केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप की पिछली चुनावी सफलताओं का जिक्र किया गया है.

भाजपा की दिल्ली इकाई ने सोमवार को अपना पोस्टर जारी किया, जिसमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को फिल्म के पात्र पुष्पा के रूप में सिंहासन पर बैठे हुए दिखाया गया है, जबकि मोटे अक्षरों में लिखा है, ”भ्रष्टाचारियों को खत्म करेंगे.” पोस्टर पर पुष्पा के संवाद की नकल करते हुए ”रप्पा-रप्पा” लिखा है.

वर्ष 2015 और 2020 में अपनी जबर्दस्त चुनावी सफलताओं के बाद आप तीसरी बार दिल्ली में सत्ता बरकरार रखने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है. उक्त दोनों चुनावों में पार्टी ने 70 सदस्यीय विधानसभा में क्रमश? 67 और 63 सीट जीतकर भाजपा को परास्त किया था. वर्ष 1998 से दिल्ली की सत्ता से बाहर भाजपा के नेता आगामी विधानसभा चुनाव को दिल्ली की राजनीति में आप के दबदबे को खत्म करने का अपना सबसे अच्छा मौका मान रहे हैं. दोनों पक्ष सोशल मीडिया सहित विभिन्न मीडिया के माध्यम से नारे, पोस्टर, मीम्स और एनिमेशन वीडियो के जरिये एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं.

इससे पहले, भाजपा ने आप शासन को खत्म करने का दावा करते हुए ”अब नहीं सहेंगे, बदल कर रहेंगे” का नारा दिया था.
भाजपा ने केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने और पार्टी के 10 साल के शासन के दौरान दिल्ली के लोगों को बुनियादी सेवाएं देने में विफल रहने का आरोप लगाया है.

आप ने शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति के मुद्दे को उठाने पर ध्यान केंद्रित किया है, जिसमें भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधने के लिए अपराध की घटनाओं का हवाला दिया गया है. आप ने राष्ट्रीय राजधानी में अपराध में कथित वृद्धि को लेकर भाजपा की आलोचना करने के लिए पोस्टर सहित कई सोशल मीडिया सामग्री भी जारी की है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu