सीरिया में इजराइली युद्धक विमानों के घुसने का दावा, इजराइल ने कहा कि बफर जोन में हैं सैनिक

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 10 Dec 2024 07:12 PM
सीरिया में इजराइली युद्धक विमानों के घुसने का दावा, इजराइल ने कहा कि बफर जोन में हैं सैनिक
ऑडियो सुनें

दमिश्क. सीरिया के एक युद्ध पर्यवेक्षक ने मंगलवार को कहा कि इजराइल ने सीरिया में भारी हवाई हमले किए हैं और उसके सैनिक देश में और अंदर घुसकर राजधानी के 25 किलोमीटर के भीतर तक पहुंच गए हैं. इजराइल ने उसके बलों के दमिश्क में घुसने की बात को खारिज किया है.

दमिश्क में एसोसिएटेड प्रेस के पत्रकारों ने रात भर और मंगलवार को शहर और उसके उपनगरों में भारी हवाई हमलों की आवाज सुनीं. ऑनलाइन प्रसारित तस्वीरों में नष्ट हुए मिसाइल लांचर, हेलीकॉप्टर और युद्धक विमान दिखाई दे रहे हैं. दमिश्क पर कब्जा करने वाले हयात तहरीर अल-शम या एचटीएस के नेतृत्व वाले विद्रोही समूहों की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई है.

इजराइल ने पहले सीरिया के अंदर लगभग 400 वर्ग किलोमीटर के बफर जोन पर कब्जा कर लिया था, जिसे 1973 के पश्चिम एशिया युद्ध के बाद स्थापित किया गया था. यह कदम राष्ट्रपति बशर असद को अपदस्थ किए जाने के बाद हमलों को रोकने के लिए उठाया गया था. इजराइल ने यह भी कहा कि वह संदिग्ध रासायनिक हथियार स्थलों और भारी हथियारों पर हमला कर रहा है ताकि उन्हें चरमपंथियों के हाथों में पड़ने से रोका जा सके. इजराइली अधिकारी शायद ही कभी ऐसे हमलों को स्वीकार करते हैं. इजराइल का अपने पड़ोसियों के साथ युद्ध के दौरान क्षेत्र पर कब्जा करने और सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए अनिश्चित काल तक उस पर कब्जा रखने का एक लंबा इतिहास रहा है. उसने 1967 के पश्चिम एशिया युद्ध में सीरिया से गोलान हाइट्स पर कब्जा कर लिया था.

ब्रिटेन से संचालित ‘सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ‘ूमन राइट्स’, जिसने लगभग 14 साल पहले गृहयुद्ध शुरू होने के बाद से संघर्ष पर बारीकी से नजर रखी है, ने कहा कि विद्रोहियों द्वारा सप्ताहांत में असद को अपदस्थ करने के बाद से इजराइल ने देश भर में 300 से अधिक हवाई हमले किए हैं.

ऑब्जर्वेटरी और बेरूत स्थित मायादीन टीवी, जिसके सीरिया में रिपोर्टर हैं, ने कहा कि इजराइली सैनिक लेबनान के साथ सीमा के सीरियाई हिस्से में आगे बढ़ रहे हैं. इन खबरों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि करना संभव नहीं था. इजराइली सैन्य प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल नादाव शोशानी ने कहा कि इजराइली टैंक द्वारा दमिश्क की ओर बढ़ने की खबरें फर्जी हैं. उन्होंने कहा कि इजराइल के सैनिक अपने देश की रक्षा के लिए बफर जोन में ही रुके हुए हैं.

इजराइल की सेना ने पहले कहा था कि सैनिक अपनी रक्षा के लिए बफर जोन और अन्य जरूरी स्थानों में प्रवेश करेंगे. इस बीच इजराइल के मीडिया ने कहा कि वायु सेना सीरिया की सैन्य परिसंपत्तियों को तबाह कर रही है ताकि आगे देश पर जो भी कब्जा करे, उसे इनका पुर्निनर्माण करना पड़े.

सऊदी विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को एक बयान में कहा, ”इजराइल सरकार द्वारा किए गए हमले, जिसमें गोलान हाइट्स में बफर जोन पर कब्जा करना और सीरियाई क्षेत्र को निशाना बनाना शामिल है… इजराइल द्वारा अंतरराष्ट्रीय कानून के सिद्धांतों का लगातार उल्लंघन और सीरिया की सुरक्षा, स्थिरता और क्षेत्रीय अखंडता को बहाल करने की संभावनाओं को नुकसान पहुंचाने के उसके दृढ़ संकल्प की पुष्टि करते हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu