तेहरान. ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामनेई ने कहा है कि सीरिया में बसर असद सरकार का पतन सहित वहां का हालिया घटनाक्रम अमेरिका और इजराइल की संयुक्त योजना का हिस्सा है. खामनेई द्वारा दिये भाषण को ईरान के सरकारी चैनल पर प्रसारित किया गया. उन्होंने कहा, ”इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए कि सीरिया में जो कुछ हुआ है वह अमेरिकी और यहूदी (इजराइल के संदर्भ में) योजना का परिणाम है.” खामनेई ने कहा, ”हमारे पास सबूत हैं, और यह सबूत संदेह की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ता.”
ईरान के सर्वोच्च नेता ने कहा, ”सीरिया के एक पड़ोसी देश ने इस मामले में स्पष्ट भूमिका निभाई है, और वह ऐसा करना जारी रख रहा है. इसे हर कोई देख सकता है.” खामेनेई ने विश्लेषकों की उन अटकलों को भी खारिज कर दिया कि सीरिया में राष्ट्रपति बशर अल-असद की सरकार के पतन से ईरान कमजोर हो जाएगा.
उन्होंने कहा, ”वे अज्ञानी विश्लेषक प्रतिरोध के अर्थ से अनभिज्ञ हैं. उन्हें लगता है कि अगर प्रतिरोध कमजोर हुआ तो इस्लामिक ईरान भी कमजोर हो जाएगा. लेकिन मैं कहना चाहता हूं, सर्वशक्तिमान अल्लाह की इच्छा से ईरान शक्तिशाली है तथा यह और भी अधिक शक्तिशाली बनेगा.”