दादा राजकपूर को याद करने के लिए प्रधानमंत्री द्वारा आमंत्रित किए जाने पर गौरवान्वित हूं: करीना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 11 Dec 2024 09:24 PM
दादा राजकपूर को याद करने के लिए प्रधानमंत्री द्वारा आमंत्रित किए जाने पर गौरवान्वित हूं: करीना
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राज कपूर के परिवार के सदस्यों की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात के एक दिन बाद बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान ने अपने दादा राज कपूर की जन्म शताब्दी से पहले उनके (राज कपूर) ‘असाधारण जीवन और विरासत’ को याद करने के वास्ते उन्हें आमंत्रित करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया.

अभिनेता रणबीर कपूर, रिद्धिमा कपूर साहनी और नीतू कपूर सहित कपूर परिवार ने मंगलवार को प्रधानमंत्री से मुलाकात की.
चौदह दिसंबर, 2024 को राज कपूर की 100वीं जयंती मनाई जाएगी जिन्हें ‘आग’, ‘आवारा’, ‘बरसात’, ‘श्री420’ और ‘बॉबी’ जैसी बेहतरीन फिल्मों के लिए बतौर एक महान अभिनेता, संपादक, निर्देशक और निर्माता के रूप में याद किया जाता है.

बुधवार को करीना ने सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर पोस्ट में कहा, “हम अपने दादा राज कपूर के असाधारण जीवन और विरासत को याद करने के लिए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आमंत्रित किए जाने पर बहुत ही सम्मानित महसूस कर रहे हैं.” उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ परिवार की कई तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “इस विशेष दोपहर के लिए आपका धन्यवाद श्री मोदी जी. इस महत्वपूर्ण अवसर का जश्न मनाने में आपकी गर्मजोशी, आपका विशेष ध्यान देना और सहयोग करना हमारे लिए बहुत मायने रखता है.” एक सूत्र ने पहले पीटीआई को बताया था कि रीमा जैन, करिश्मा कपूर, आलिया भट्ट, सैफ अली खान, आदार जैन, अरमान जैन और अनीसा मल्होत्रा ??सहित कपूर परिवार के सदस्यों ने मंगलवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की और उन्हें राज कपूर फिल्म महोत्सव के लिए आमंत्रित किया.

परिवार के सदस्यों ने उम्मीद जताई है कि मोदी फिल्म महोत्सव में शामिल होंगे. पीवीआर आईनॉक्स लिमिटेड और फिल्म हेरिटेज फाउंडेशन द्वारा इस मौके पर 13 से 15 दिसंबर तक 34 शहरों के 101 सिनेमाघरों में आयोजित होने वाला यह समारोह राज कपूर की फिल्मोग्राफी को सर्मिपत अब तक का सबसे व्यापक पुनरावलोकन होगा.

अपनी पोस्ट में करीना ने यह भी कहा, “जैसा कि हम दादाजी की कलात्मकता, दृष्टिकोण और भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के 100 शानदार वर्षों का जश्न मना रहे हैं, हम उनकी विरासत के कालातीत प्रभाव का सम्मान करते हैं जो हमें और आने वाली पीढि.यों को प्रेरित करता रहेगा.” करीना द्वारा साझा की गई तस्वीरों में से एक में प्रधानमंत्री को उनके बेटों तैमूर और जेह को ऑटोग्राफ देते हुए देखा जा सकता है. बाद में राज कपूर के पोते रणबीर की पत्नी आलिया ने कहा कि कला ‘शाश्वत’ है.

अभिनेत्री आलिया भट्ट ने कहा, “कभी-कभी आगे बढ़ने के लिए हमें पीछे मुड़कर देखना चाहिए और सीखना चाहिए. श्री राज कपूर का प्रभाव वास्तव में वैश्विक था. उन्होंने अपनी बनाई फिल्मों और बताई गई कहानियों से पूरी दुनिया में अपनी छाप छोड़ी.” आलिया ने सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर पोस्ट में लिखा, “कल हमारे आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा श्री राज कपूर के जीवन को याद करते हुए एक सुंदर दोपहर बिताने के लिए आमंत्रित किया जाना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात थी. उनकी (राज कपूर) कहानियों को सुनने मात्र से ही मुझे बहुत कुछ सीखने को मिलता है और उनकी विरासत आज भी प्रेरणा देती है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu