यमन में विद्रोहियों के गढ़ सना और बंदरगाह शहर पर इजराइल के हवाई हमले में नौ लोगों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 19 Dec 2024 10:01 PM
यमन में विद्रोहियों के गढ़ सना और बंदरगाह शहर पर इजराइल के हवाई हमले में नौ लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

दुबई. यमन में हूती विद्रोहियों का गढ़ बनी राजधानी सना और बंदरगाह शहर पर बृहस्पतिवार सुबह इजराइल की ओर से एक के बाद एक किए गए हवाई हमलों में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. इस हमले से कुछ समय पहले ही हूती विद्रोहियों ने मध्य इजराइल को निशाना बनाते हुए एक मिसाइल दागी. इन हमलों से ईरान सर्मिथत हूती विद्रोहियों के खिलाफ इजराइल का संघर्ष और तेज होने के आसार हैं. इजराइल अब तक हूती विद्रोहियों पर उस स्तर के सैन्य हमलों से परहेज करता रहा है जिस स्तर के हमले उसने फलस्तीन के चरमपंथी समूह हमास और लेबनान के हिजबुल्ला पर किए हैं.

इजराइल की सेना ने कहा कि उसने एक पूर्व नियोजित अभियान के तहत दो बार हमला किया. यह अभियान बृहस्पतिवार सुबह शुरू हुआ और इसमें 14 लड़ाकू विमानों का भी इस्तेमाल किया गया. सेना ने कहा कि पहला हमला हुदेदा के सालिफ में बंदरगाहों और लाल सागर पर रास ईसा तेल र्टिमनल पर हूती के बुनियादी ढांचों पर निशाना साधते हुए किया गया. सेना ने कहा कि इसके बाद, दूसरा हमला उसके लड़ाकू विमानों ने सना में हूती विद्रोहियों के बिजली के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाते हुए किया.

हूती के नियंत्रण वाले समाचार चैनल ‘अल-मसीरा’ ने खबर में बताया कि कुछ हमलों में राजधानी में बिजलीघरों के साथ-साथ लाल सागर पर रास ईसा तेल र्टिमनल को निशाना बनाया गया. चैनल ने अपनी खबर में बताया कि बंदरगाह शहर हुदेदा में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई, जबकि रास ईसा तेल र्टिमनल पर दो लोगों की जान चली गई. खबर में बताया गया कि हुदेदा बंदरगाह पर अन्य लोग भी घायल हुए हैं. इजराइली सेना के प्रवक्ता रियर एडमिरल डैनियल हगारी ने कहा कि इन हमलों ने बिजली और बंदरगाह के बुनियादी ढांचों को नुकसान पहुंचाया है.

इजराइली रक्षा मंत्री इजराइल कैट्ज ने कहा, ”हूती नेताओं को यह समझ आ जाना चाहिए कि जो कोई भी इजराइल के खिलाफ हमला करने के लिए अपने हाथ उठाएगा, उसके हाथ काट दिए जाएंगे. जो कोई भी हमें नुकसान पहुंचाएगा उसे सात गुना नुकसान पहुंचाया जाएगा.” इससे पहले इजराइली सेना ने कहा कि उसकी वायु सेना ने यमन से प्रक्षेपित एक मिसाइल को देश में प्रवेश करने से पहले ही रोक दिया और नष्ट कर दिया.

इजराइली सेना ने कहा, ”मिसाइल का मलबा गिरने के कारण क्षेत्र में सायरन बजने लगे.” हूती विद्रोहियों के सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल या’ा सारी ने कुछ घंटों बाद पहले से रिकॉर्ड एक वीडियो बयान में इजराइल पर हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि विद्रोहियों ने इजराइल पर अपनी दो ”फलस्तीनी” बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu