राहुल ने राजनीतिक कारणों से, नफरत पैदा करने के लिए किया परभणी का दौरा: फडणवीस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 23 Dec 2024 07:26 PM
राहुल ने राजनीतिक कारणों से, नफरत पैदा करने के लिए किया परभणी का दौरा: फडणवीस
ऑडियो सुनें

पुणे. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को कहा कि परभणी में हिरासत में मारे गए एक दलित व्यक्ति के परिजनों से मिलने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी का दौरा ‘केवल राजनीतिक कारणों से’ और ‘नफरत पैदा करने’ के लिए किया गया था. राहुल गांधी ने इससे पहले आज दिन में परभणी में सोमनाथ सूर्यवंशी के परिजनों से मुलाकात की और कहा कि सोमनाथ इसलिए मारे गए क्योंकि वह दलित थे और संविधान की रक्षा कर रहे थे.

सोमनाथ उन 50 से अधिक लोगों में शामिल थे जिन्हें 10 दिसंबर को बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा के पास लगी संविधान की प्रतिकृति के अपमान के बाद भड़की हिंसा के बाद गिरफ्तार किया गया था. परभणी में शंकर नगर निवासी सोमनाथ (35) को परभणी जिला केंद्रीय जेल में रखा गया और छाती में दर्द तथा बेचैनी की शिकायत के बाद एक सरकारी अस्पताल में 15 दिसंबर को उनकी मौत हो गई. गांधी ने सोमवार को आरोप लगाया कि पुलिस ने सोमनाथ सूर्यवंशी को मार डाला और यह ‘शत प्रतिशत हिरासत में मौत’ का मामला है.

पुणे में एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा, ”राहुल गांधी सिर्फ राजनीतिक कारणों से आए हैं. उनका काम लोगों में नफरत फैलाना है. हम सभी मामलों की जांच कर रहे हैं. मामला अदालत में है.” गृह मंत्रालय का प्रभार संभाल रहे फडणवीस ने कहा, ”अगर यह साबित हो जाता है कि मौत पुलिस की पिटाई से हुई है, तो किसी को भी नहीं बख्शा जाएगा.” राज्य सरकार ने परभणी हिंसा के मामले में न्यायिक जांच का आदेश दिया है.

विधानसभा के 21 दिसंबर को समाप्त हुए शीतकालीन सत्र के दौरान फडणवीस ने बताया कि सोमनाथ सूर्यवंशी ने एक मजिस्ट्रेट से कहा था कि उन्हें प्रताड़ित नहीं किया गया. मुख्यमंत्री ने सदन में कहा कि सीसीटीवी फुटेज में भी क्रूरता का कोई प्रमाण नहीं मिलता.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu