प्रख्यात फिल्म निर्माता श्याम बेनेगल का निधन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 23 Dec 2024 09:03 PM
प्रख्यात फिल्म निर्माता श्याम बेनेगल का निधन
ऑडियो सुनें

मुंबई. प्रख्यात फिल्मकार श्याम बेनेगल का सोमवार को निधन हो गया. वह 90 वर्ष के थे. बेनेगल की पुत्री पिया ने यह जानकारी दी.
बेनेगल को 1970 और 1980 के दशक में ‘अंकुर’, ‘निशांत’ और ‘मंथन’ जैसी फिल्मों के जरिए भारतीय सिनेमा में समानांतर सिनेमा की शुरुआत करने का श्रेय दिया जाता है. पिया बेनेगल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उनके पिता का किडनी की गंभीर बीमारी के कारण मुंबई के वॉकहार्ट अस्पताल में निधन हो गया.

उन्होंने कहा, ”श्याम बेनेगल का शाम 6 बजकर 38 मिनट पर वॉकहार्ट अस्पताल में निधन हो गया. वह कई वर्षों से किडनी रोग से पीड़ित थे.” वॉकहार्ट अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि बेनेगल आईसीयू में भर्ती थे. अपने शानदार करियर में बेनेगल ने विविध मुद्दों पर फिल्में, वृत्तचित्र और टेलीविजन धारावाहिक बनाए, जिनमें ”भारत एक खोज” और ”संविधान” शामिल हैं. उन्होंने 14 दिसंबर को ही अपना 90वां जन्मदिन मनाया था.

अपने जन्मदिवस के अवसर पर बेनेगल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया था कि उन्हें डायलिसिस के लिए अक्सर अस्पताल जाना पड़ता है. बेनेगल के परिवार में उनकी पत्नी नीरा बेनेगल और बेटी हैं. ”भूमिका”, ”जुनून”, ”मंडी”, ”सूरज का सातवां घोड़ा”, ”मम्मो” और ”सरदारी बेगम” को हिंदी सिनेमा में उनकी कलात्मक फिल्मों में गिना जाता है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu