असम में बांग्लादेश के 22 घुसपैठिए पकड़े गए, वापस भेजा गया: मुख्यमंत्री

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 23 Dec 2024 08:35 PM
असम में बांग्लादेश के 22 घुसपैठिए पकड़े गए, वापस भेजा गया: मुख्यमंत्री
ऑडियो सुनें

गुवाहाटी. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को कहा कि असम पुलिस ने दो अलग-अलग अभियानों में अवैध रूप से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने के आरोप में पांच बच्चों सहित 22 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है. उन्होंने बताया कि बेंगलुरु से गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद 16 बांग्लादेशियों को पकड़ा गया, वे दक्षिण सलमार जिले की ओर जा रहे थे. उन्होंने बताया कि जांच के बाद पता चला कि पकड़े गए लोग बांग्लादेशी हैं.

उन्होंने बताया कि पकड़े गए लोगों में सात पुरुष, चार महिलाएं और पांच बच्चे शामिल हैं और इन लोगों को सीमा पार भेजा जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट किया, ”घुसपैठियों की अंतरराज्यीय आवाजाही का भंडाफोड़, 16 बांग्लादेशी पकड़े गए. सलमार पुलिस द्वारा चलाए गए एक बेहतरीन अभियान में अवैध रूप से रह रहे 16 बांग्लादेशी पकड़े गए, जो बेंगलुरु से गुवाहाटी रेलवे स्टेशन आए थे और दक्षिण सलमार मनकाचर जिले की ओर बढ़ रहे थे. जांच के बाद उनकी बांग्लादेशी नागरिकता की पुष्टि हुई. इन लोगों को सीमा पार वापस भेजा जा रहा है’.

शर्मा ने बताया कि इससे पहले दिन में असम पुलिस ने अवैध रूप से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने के आरोप में छह बांग्लादेशियों को पकड़ लिया और उन्हें पड़ोसी देश के अधिकारियों को सौंप दिया. हालांकि, उन्होंने भारत-बांग्लादेश सीमा के उस क्षेत्र का उल्लेख नहीं किया जहां उन्हें रखा गया था.

मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”असम में अवैध घुसपैठ के लिए कोई जगह नहीं है, घुसपैठ के प्रयासों के खिलाफ सख्त निगरानी करते हुए असम पुलिस ने छह बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ लिया और उन्हें सीमा पार भेज दिया.” अगस्त में पड़ोसी देश में अशांति शुरू होने के बाद से अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने के आरोप में 192 से अधिक लोगों को असम से पकड़ा गया है जिन्हें बाद में वापस बांग्लादेश भेज दिया गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu