लखनऊ/कोलकाता/नयी दिल्ली. समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार पर प्रहार करते हुए महाकुंभ में कुप्रबंधन का आरोप लगाया और वहां की यात्रा के दौरान जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के लिए मुआवजे की मांग की है.
यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “महाकुंभ के श्रद्धालुओं से भरी बसों व अन्य वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबरें प्रतिदिन बढ़ रही हैं. जो बेहद दुखद है.” सपा प्रमुख ने हादसों की वजह गिनाते हुए कहा, “इसके पीछे मुख्य कारण ये है कि भारी जाम व अव्यवस्था के कारण चालकों की हालत बहुत खराब है. न उनकी थकान उतर रही है न नींद पूरी हो रही है. ऐसे में वो अर्द्ध निद्रा की अवस्था में वाहन चला रहे हैं जिससे दुर्घटनाएं हो रही हैं.” यादव ने सुझाव देते हुए कहा, “साथ ही सड़कों पर पैदल चलनेवालों को बचाने की भी चुनौती है. इसलिए ध्यान भटकते ही मौतें हो रही हैं. इसका समाधान सिर्फ अच्छी व्यवस्था है, जो सरकार ही कर सकती है पर कर नहीं पा रही है.”
उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा, “महाकुंभ यात्रा पर निकले उन सभी मृतक श्रद्धालुओं को एक समान माना जाए जिनकी भगदड़, हादसा या घुटन आदि कारणों से अलग-अलग जगहों पर मौत हुई है और इसके लिए उनके परिजनों को मुआवजा दिया जाए.” सपा प्रमुख ने कहा, “सभी घायलों को उपचार के साथ-साथ क्षतिपूर्ति राशि दी जाए. केंद्र और राज्य सरकार इसके लिए विभिन्न कोषों से पैसा उपलब्ध कराएं. जब अरबों रुपये प्रचार पर बहाये जा सकते हैं तो शोक संतप्त परिजनों के लिए सांत्वना के रूप में क्यों नहीं दिये जा सकते हैं.”
नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में 18 लोगों की मौत अत्यंत हृदयविदारक: ममता
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया और लोगों की सुरक्षा के लिए सावधानीपूर्वक योजना और प्रबंधन की आवश्यकता पर जोर दिया. राष्ट्रीय राजधानी के इस भीड़भाड़ वाले रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात मची भगदड़ में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक घायल हो गए.
ममता ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “दिल्ली (नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन)भगदड़ में 18 लोगों की दुखद मौत अत्यंत हृदयविदारक है. यह दर्दनाक घटना सावधानीपूर्वक योजना और प्रबंधन के महत्व को उजागर करती है, खासकर जब बात नागरिकों की सुरक्षा की हो.” उन्होंने कहा, “महाकुंभ जाने वाले तीर्थयात्रियों को उचित सहायता और सुविधाएं मिलनी चाहिए, न कि परेशानी होनी चाहिए. यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि ऐसी यात्राएं सुरक्षित और सुव्यवस्थित हों.” ममता ने कहा, “शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं और मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं.”
सरकार भगदड़ को छिपाने की कोशिश कर रही, रेल मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए: तृणमूल कांग्रेस
तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने रविवार को केंद्र पर नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ को छिपाने का प्रयास करने का आरोप लगाया और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को बर्खास्त करने की मांग की. सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में राज्यसभा में तृणमूल की उपनेता सागरिका घोष ने सरकार पर “भारतीय नागरिकों के जीवन के साथ बेरहमी से खेलने” का आरोप लगाया और इसे “शब्दों से परे दुखद” कहा.
घोष ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “पहले नरेन्द्र मोदी और उनकी भाजपा ने किसी भी भगदड़ से इनकार किया. फिर उन्होंने इसे अफवाह बताया. फिर उन्होंने स्वीकार किया कि ‘कुछ लोग’ ‘घायल’ हुए हैं. फिर भाजपा को मजबूरन यह स्वीकार करना पड़ा कि ‘कुछ’ लोग ‘मर गए’ होंगे.” उन्होंने कहा, “जुमला पार्टी और इसकी जुमला सरकार बार-बार मौतों और त्रासदियों पर पर्दा डालती रहती है और भारतीय नागरिकों के जीवन के साथ बेरहमी से खेलती है. नयी दिल्ली स्टेशन पर हुई भगदड़ से मोदी सरकार का ‘न्यूनतम शासन, अधिकतम प्रचार’ का मंत्र फिर से उजागर हो गया है. यह दुखद है, जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता.” तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य साकेत गोखले ने मांग की कि वैष्णव को या तो बर्खास्त किया जाना चाहिए या इस्तीफा दे देना चाहिए, क्योंकि उन्होंने घटना को “छिपाने” की कोशिश करने के लिए रेलवे की आलोचना की.
गोखले ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “कल रात नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई दुखद भगदड़ में 17 लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की खबर सुनकर बेहद स्तब्ध हूं. मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.” उन्होंने कहा, “भगदड़ के कई घंटों बाद तक रेलवे ने इससे इनकार किया और कहा कि यह ‘अफवाह है’. यह मामले को छिपाने का निर्लज्ज प्रयास था, जब तक कि शव मिलने शुरू नहीं हो गए.” उन्होंने आरोप लगाया, “मोदी के अंशकालिक रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के हाथ एक बार फिर खून से रंगे हैं.” उन्होंने कहा, “अगर श्री वैष्णव को जिम्मेदारी का जरा भी अहसास है, तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए. अगर प्रधानमंत्री मोदी को लोगों की जान की जरा भी चिंता है या शर्म है तो उन्हें अश्विनी वैष्णव को तुरंत बर्खास्त कर देना चाहिए.” शनिवार रात नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए.