केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 17 Feb 2025 01:09 PM
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि अपनी सादगी, ईमानदारी और बेदाग छवि के कारण देश की राजनीति में वे एक आदर्श राजनेता के तौर पर जाने गए।

पिछले साल सरकार ने बिहार में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) राजनीति के जनक माने जाने वाले ठाकुर को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से नवाजा था। दो बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे ठाकुर का जन्म 24 जनवरी 1924 को और निधन 17 फरवरी 1988 को हुआ था।

शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘देश में जब भी सामाजिक न्याय और पिछड़े व वंचित वर्गों के अधिकारों की बात होती है, तो भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर जी का नाम सदैव सम्मान के साथ लिया जाता है। अपनी सादगी, ईमानदारी और बेदाग छवि के कारण देश की राजनीति में वे एक आदर्श राजनेता के तौर पर जाने गए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उनका जीवन एक सच्चे जनसेवक के रूप में युगों-युगों तक स्मरणीय रहेगा। जननायक कर्पूरी ठाकुर जी की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटिश? नमन।’’ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने भी इस ‘सामाजिक न्याय के पुरोधा’ को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन सर्मिपत करने वाले श्रद्धेय कर्पूरी जी सामाजिक जीवन में शुचिता एवं सादगी के प्रतीक थे। लोकतंत्र के सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय की दिशा में उनका योगदान अमूल्य है। ईमानदारी, देशसेवा और जनसेवा से ओतप्रोत उनका व्यक्तित्व एवं कृतित्व प्रेरणीय है।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital