उज्जैन के पार्श्वनाथ कॉलोनी के बोरवेल पानी की जांच रिपोर्ट में खतरनाक ई-कोलाई और कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मिलने से हड़कंप मच गया है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों द्वारा जांच रिपोर्ट न देने से नाराज कॉलोनी निवासियों ने भोपाल स्थित प्रयोगशाला में स्वयं पानी के नमूनों की जांच करवाई। प्रयोगशाला परीक्षण में जल के भीतर निकेल, सायनाइड, फेनोलिक यौगिक और डिटर्जेंट अत्यधिक मात्रा में पाए गए। विशेषज्ञों के अनुसार इस दूषित पानी के सेवन से हैजा, गंभीर डायरिया से लेकर किडनी, लीवर और तंत्रिका तंत्र के खराब होने का गंभीर खतरा पैदा हो गया है।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि फार्मा और केमिकल कंपनियां जहरीले अपशिष्ट पदार्थों का सही तरीके से नष्टीकरण नहीं करतीं। उन्होंने आरोप लगाया कि शायद क्षेत्र के अफसर भी इंदौर के भागीरथपुरा जैसी लाशों का ढेर लगने का इंतजार कर रहे हैं। देवास रोड स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में दूषित पानी की इस विकट स्थिति के लिए फार्मा व केमिकल कंपनियों का नाम सामने आ रहा है। इन इकाइयों पर कारखानों का दूषित पानी सीधे जमीन में डालने के गंभीर आरोप हैं, जिससे क्षेत्र का भूजल पूरी तरह खराब हो गया है। कारखानों द्वारा दूषित पानी जमीन में डालने के कारण बोरवेल तक केमिकल पहुंच चुका है। इस स्थिति से औद्योगिक क्षेत्र के अन्य कारखानों के संचालक भी परेशान हैं।