छत्तीसगढ़: दो सड़क दुर्घटनाओं में नौ लोगों की मौत, 16 लोग घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 06 Mar 2025 09:20 PM
छत्तीसगढ़: दो सड़क दुर्घटनाओं में नौ लोगों की मौत, 16 लोग घायल
ऑडियो सुनें

रायपुर/नारायणपुर. छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में नौ लोगों की मौत हो गई और 16 अन्य लोग घायल हुए. पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर रायपुर जिले में पांच लोगों की मौत हुई जबकि बुधवार रात नारायणपुर जिले में चार लोगों की मौत हुई और 16 अन्य लोग घायल हो गए.

रायपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कीर्तन राठौर ने बताया कि मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर उमरिया गांव के करीब एक कार के डिवाइडर से टकराकर ट्रक से भिड़ने की दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई. राठौर ने बताया, “कार आरंग की ओर जा रही थी तभी चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया. कार डिवाइडर से टकराकर ट्रक से जा टकराई. कार में सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.” उन्होंने बताया कि पुलिस दल को मौके पर भेजा गया और शवों को वाहन से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

अधिकारी ने बताया, “मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार रायपुर के उरला क्षेत्र की थी. मृतकों के बारे में अधिक जानकारी जुटाई जा रही है.” राठौर ने बताया कि घटना के बाद ट्रक चालक का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं, जो वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया.

वहीं नारायणपुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बुधवार रात लगभग आठ बजे मढ़ोनार गांव के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से वाहन में सवार तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई तथा महिलाओं व बच्चों समेत 16 अन्य लोग घायल हो गए.
अधिकारियों ने बताया कि जिले के इरपानार गांव के लगभग 25 लोग ओरछा गांव में सार्वजनिक वितरण दुकान (पीडीएस) से राशन लेने गए थे.

उन्होंने बताया कि जब वह राशन लेकर एक ट्रैक्टर में सवार होकर गांव लौट रहे थे तभी रास्ते में वाहन पलट गया. अधिकारी ने बताया कि इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई और 16 अन्य लोग घायल हो गए. उन्होंने बताया कि घायलों को छोटेडोंगर गांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से सात घायलों को नारायणपुर जिला अस्पताल भेज दिया गया.

अधिकारियों ने बताया कि सात घायलों में से एक महिला ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. उन्होंने बताया कि नारायणपुर जिला अस्पताल से तीन घायलों को जगदलपुर अस्पताल भेज दिया गया है. अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में से तीन की पहचान फूलमती पदामी, लच्छन बाई और घसिया कचलाम के रूप में हुई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu