बाबूलाल मरांडी को झारखंड में भाजपा विधायक दल का नेता नियुक्त किया गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 06 Mar 2025 07:30 PM
बाबूलाल मरांडी को झारखंड में भाजपा विधायक दल का नेता नियुक्त किया गया
ऑडियो सुनें

रांची. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को धनवार क्षेत्र से विधायक बाबूलाल मरांडी को झारखंड विधानसभा में पार्टी विधायक दल का नेता नियुक्त किया. यहां एक बैठक के दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मरांडी को सर्वसम्मति से पार्टी विधायक दल का नेता चुना गया.

भाजपा ने झारखंड में विधायक दल के नेता के चयन के लिए बुधवार को केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और पार्टी के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चे के अध्यक्ष के. लक्ष्मण को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया था. यादव ने कहा कि नवीन जायसवाल, नीरा यादव, राज सिन्हा और प्रकाश राम जैसे वरिष्ठ विधायकों ने बैठक के दौरान विधायक दल के नेता के रूप में मरांडी के नाम का प्रस्ताव रखा और इसे सभी ने सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी.

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ”राज्य विधानसभा में मरांडी के नेतृत्व में विधायक झारखंड और यहां की जनता की भलाई के लिए काम करेंगे.” झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मरांडी ने उन्हें दी गई जिम्मेदारी के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा का आभार जताया.

मरांडी ने कहा, ”मैं संगठन को मजबूत करने के लिए पूरे समर्पण के साथ काम करूंगा और विधानसभा के अंदर और बाहर सभी को एक साथ लेकर चलने का हर संभव प्रयास करूंगा.” उन्होंने आरोप लगाया कि अध्यक्ष ने पिछली विधानसभा में विपक्ष के नेता के नाम की सिफारिश पार्टी द्वारा किए जाने के बावजूद जानबूझकर देरी की थी. उन्होंने कहा, ”लेकिन हमारे विधायक विधानसभा के अंदर और बाहर दोनों जगह सरकार से लड़ते रहे.” मरांडी ने कहा कि वह राज्य और यहां की जनता के हितों के लिए लड़ाई जारी रखेंगे.

उन्होंने कहा, ”हम उन खामियों को भी दूर करने का प्रयास करेंगे जिनके कारण पार्टी को (पिछले वर्ष विधानसभा चुनाव में) हार का सामना करना पड़ा था.” पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि विधायक अब मरांडी को भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के संबंध में विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो के कार्यालय को पत्र सौंपेंगे, जिसके बाद पार्टी अध्यक्ष को 81 सदस्यीय सदन में विपक्ष का नेता घोषित किया जायेगा.

सत्तारूढ़ ‘इंडिया’ गठबंधन के पास 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में 56 विधायक हैं जिनमें झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के 34, कांग्रेस के 16, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के चार और भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के दो विधायक शामिल हैं. भाजपा के 21 सदस्य हैं और आजसू पार्टी, जद (यू), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के एक-एक सदस्य हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu