छत्तीसगढ़ में सैनिक की हत्या: एनआईए ने चार संदिग्ध माओवादियों को किया गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 06 Mar 2025 10:09 PM
छत्तीसगढ़ में सैनिक की हत्या: एनआईए ने चार संदिग्ध माओवादियों को किया गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में 2023 में सेना के एक जवान की हत्या के मामले में माओवादियों से जुड़े चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. एनआईए ने कहा कि फरवरी 2023 में उत्तर बस्तर के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले के बड़ेतेवड़ा गांव में एक मेले के दौरान मोतीराम अचला की तब बेरहमी से हत्या कर दी गई थी, जब वह देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र में अपनी पोस्टिंग से अपने घर आए थे.

एजेंसी ने प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी -माओवादी (भाकपा-माओवादी) के कार्यकर्ताओं भवन लाल जैन उर्फ भुवन जैन और उसके सहयोगी सुरेश कुमार सलाम के साथ शैलेन्द्र कुमार बघेल और अंदूराम सलाम को गिरफ्तार किया. एनआईए के प्रवक्ता ने एक विज्ञप्ति में बताया, ” संघीय जांच एजेंसी की जांच में खुलासा हुआ कि प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) उग्रवादी संगठन से जुड़े चार कार्यकर्ता और समर्थक मोतीराम अचला की हत्या की आपराधिक साजिश रचने में सीधे तौर पर शामिल थे. आरोपी लोगों के मन में आतंक पैदा करने के लिए जबरन वसूली सहित भाकपा (माओवादी) की आपराधिक/गैरकानूनी गतिविधियों में सक्रिय रूप से सहायता करते थे और उसे आगे बढ़ाते थे.”

इसमें कहा गया है, ”एनआईए ने एक साल बाद छत्तीसगढ़ पुलिस से मामले की जांच अपने हाथ में ले ली और अपराधियों का पता लगाने के लिए अगले महीनों में व्यापक तलाशी ली. तलाशी के दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज और उपकरण जब्त किए गए.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu