जशपुर: तीन साल की भतीजी की गला रेतकर हत्या, चाचा गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 06 Mar 2025 10:10 PM
जशपुर: तीन साल की भतीजी की गला रेतकर हत्या, चाचा गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

जशपुर. छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी तीन साल की भतीजी की कथित तौर पर गला रेतकर हत्या कर दी. पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. जशपुर जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने बताया कि घटना बुधवार दोपहर बागबहार थाना क्षेत्र के छतासराई गांव में हुई. उन्होंने बताया कि घटना के बाद आरोपी रामप्रसाद नाग (35) को गिरफ्तार कर लिया गया है.

सोनी ने बताया कि बच्ची खुशी जब घर में अकेली थी तब उसके चाचा ने धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. उन्होंने बताया कि घटना के दौरान बच्ची पिता राजाराम नाग अपने घर के नजदीक मवेशी चरा रहे थे. पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब बच्ची के परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने बताया कि घटना के बाद गांव में मानव बलि के लिए बालिका की हत्या किए जाने का अफवाह फैल गई, जिसका पुलिस ने खंडन किया है.

जशपुर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने बताया, ”कुछ ग्रामीण इस घटना के बारे में मानव बलि की बेबुनियाद अफवाह फैला रहे थे. प्रारंभिक जांच से पता चला है कि अपराध के पीछे पारिवारिक विवाद है.” सिंह ने बताया, ”जानकारी मिली है कि आरोपी मानसिक रूप से बीमार है. इस तथ्य की जांच की जा रही है.” उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा जांच की जा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu