कृति सैनन ने सीरीज में डेब्यू करने पर कहा: यह कुछ अलग होना चाहिए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 09 Mar 2025 08:13 PM
कृति सैनन ने सीरीज में डेब्यू करने पर कहा: यह कुछ अलग होना चाहिए
ऑडियो सुनें

जयपुर. अभिनेत्री कृति सैनन का कहना है कि वह वेब सीरीज में काम करने के लिए तैयार हैं, लेकिन प्रोजेक्ट ऐसा होना चाहिए जो रोमांचक और लीक से कुछ हटकर हो. जयपुर में आयोजित आईफा डिजिटल अवॉर्ड्स के उद्घाटन संस्करण में नेटफ्लिक्स फिल्म “दो पत्ती” के लिए सर्वश्रेष्ठ मुख्य भूमिका (महिला) पुरस्कार जीतने के बाद कृति ने यह बात कही.

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता कृति ने ग्रीन कार्पेट पर बातचीत में कहा कि वह किसी ऐसे प्रोजेक्ट की तलाश में हैं जो उनकी रचनात्मकता को चुनौती दे. कृति ने ‘पीटीआई-भाषा’ ने कहा, “मुझे लगता है कि ऐसा कुछ होना चाहिए जो एक अभिनेत्री के रूप में मुझे उत्साहित करे. एक वेब सीरीज फिल्म से लंबी होती है इसलिए यह मुझे लंबे समय तक रोमांचित करने वाला होना चाहिए.” फिल्म “दो पत्ती” की पटकथा कनिका ढिल्लों ने लिखी है और इसका निर्देशन शशांक चतुर्वेदी ने किया है. फिल्म में कृति सैनन ने जुड़वां बहनों का किरदार निभाया, जबकि काजोल एक साहसी पुलिस निरीक्षक के रूप में नजर आईं. फिल्म में काजोल एक हत्या के प्रयास की गुत्थी को सुलझाने में लगी होती है.

यह बतौर फिल्म निर्माता कृति सैनन की पहली फिल्म थी. उन्होंने अपने बैनर ब्लू बटरफ्लाई फिल्म्स के तहत इस फिल्म का निर्माण किया है. जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने अपने अगले फिल्म निर्माण की योजना बना ली है, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “अभी भी अगली बटरफ्लाई की तलाश कर रही हूं.” बॉलीवुड फिल्मों के हालिया बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर बात करते हुए कृति ने कहा कि “अच्छी कहानियां” दर्शकों को पसंद आ रही हैं. उन्होंने विक्की कौशल की फिल्म ‘छावा’ और पिछले साल की हॉरर-कॉमेडी ‘स्त्री 2’ का उदाहरण देते हुए कहा, “ऐसी फिल्में हैं जो जबरदस्त प्रदर्शन कर रही हैं. छावा और स्त्री 2 ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu