मुंबई. महाराष्ट्र के बीड जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय पदाधिकारी सतीश भोसले को जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर सोशल मीडिया अकाउंट से धमकी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि यह धमकी फर्जी हो सकती है. अधिकारी ने बताया कि भोसले उर्फ ‘खोक्या’ पर हिरण का शिकार करने का आरोप है और फेसबुक अकाउंट से दी गई धमकी इसी संबंध में थी.
सोशल मीडिया के उपयोगकर्ता ने लॉरेंस बिश्नोई का नाम लेते हुए हिरण का शिकार करने के लिए भोसले की गिरफ्तारी की मांग की है. संदेश में कहा गया है, “हिरण हमारे भगवान हैं. खोक्या माफी के लायक नहीं है.” बीड पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया, “फेसबुक अकाउंट फर्जी हो सकता है. हमने सोशल मीडिया मंच को इस बारे में जानकारी देने के लिए लिखा है. अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है.” संयोगवश वन विभाग भोसले के शिकारी होने के आरोपों की जांच कर रहा है, और उसने शिरुर तालुका में कई स्थानों पर तलाशी भी ली है.
इस बीच, महाराष्ट्र के वन मंत्री गणेश नाइक ने शनिवार को नवी मुंबई में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बीड में हिरण के शिकार और उसके मांस के व्यापार के आरोपों की गहन जांच की जाएगी. मंत्री ने कहा कि उन्हें मीडिया से आरोपों की जानकारी मिली जिसके बाद उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को जांच करने का निर्देश दिया. नाइक ने कहा, ” दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.”