इसरो ने स्पेडेक्स उपग्रहों को ‘डी-डॉक’ करने में सफलता प्राप्त की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 13 Mar 2025 08:11 PM
इसरो ने स्पेडेक्स उपग्रहों को ‘डी-डॉक’ करने में सफलता प्राप्त की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने ‘स्पेडेक्स’ उपग्रहों को ‘डी-डॉक’ करने (अलग करने) का काम पूरा कर लिया है. इससे चंद्रमा की खोज, मानव अंतरिक्ष उड़ान और अपना स्वयं का अंतरिक्ष स्टेशन बनाने जैसे भविष्य के मिशन के लिए रास्ता साफ हो गया है. केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में उपग्रहों की सफल ‘डी-डॉकिंग’ (अलग करने) की घोषणा की.

सिंह ने कहा, ”स्पेडेक्स उपग्रहों ने अविश्वसनीय रूप से ‘डी-डॉकिंग’ की प्रक्रिया को पूरा किया. इससे भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन, चंद्रयान 4 और गगनयान सहित भविष्य के महत्वाकांक्षी मिशनों के सुचारू संचालन का मार्ग प्रशस्त होगा.” उन्होंने कहा, ”इसरो की टीम को बधाई. यह हर भारतीय के लिए खुशी की बात है.” सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का निरंतर मार्गदर्शन उत्साह को बढ़ाता है.
स्पेडेक्स मिशन पिछले साल 30 दिसंबर को शुरू किया गया था, जब इसरो ने अंतरिक्ष में ‘डॉकिंग’ प्रयोग का प्रदर्शन करने के लिए दो उपग्रहों – एसडीएक्स01 और एसडीएक्स02 को कक्षा में स्थापित किया था. ‘स्पेस डॉकिंग’ अंतरिक्ष में दो उपग्रहों को जोड़ने की प्रक्रिया को कहते हैं.

कई प्रयासों के बाद अंतरिक्ष एजेंसी ने 16 जनवरी को दोनों उपग्रहों को सफलतापूर्वक ‘डॉक’ किया था. बाद में, एक बयान में इसरो ने कहा कि ‘अनडॉकिंग’ के बाद उसने उपग्रहों के साथ आगे के प्रयोगों की योजना बनाई है. इसने एक बयान में कहा, ”स्पेडेक्स उपग्रहों को 16 जनवरी 2025 को सफलतापूर्वक ‘डॉक’ किया गया था. इसरो ने अब 13 मार्च, 2025 को सुबह 09:20 बजे (भारतीय समायानुसार) पहले ही प्रयास में स्पेडेक्स उपग्रहों को ‘अनडॉक’ करने का महत्वपूर्ण अभियान पूरा कर लिया.” अंतरिक्ष एजेंसी ने बताया कि उपग्रहों को अलग करने (अनडॉकिंग) की प्रक्रिया 460 किलोमीटर की वृत्ताकार कक्षा में 45 डिग्री झुकाव के साथ हुई.

इसने कहा कि उपग्रह अब स्वतंत्र रूप से परिक्रमा कर रहे हैं और उनकी स्थिति सामान्य है.
इसके साथ ही, इसरो ने अब वृत्ताकार कक्षा में ‘डॉकिंग’ और ‘अनडॉकिंग’ कार्यों के लिए आवश्यक सभी क्षमताओं का सफलतापूर्वक प्रदर्शन कर लिया है.

अमित शाह ने स्पेडेक्स उपग्रहों को सफलतापूर्वक ‘डी-डॉक’ किये जाने के लिए इसरो को बधाई दी

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को स्पेडेक्स उपग्रहों को सफलतापूर्वक डी-डॉक करने के लिए इसरो को बधाई दी और कहा कि देश के वैज्ञानिकों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उपलब्धि हासिल करने की कोई सीमा नहीं है. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने ‘स्पेडेक्स’ उपग्रहों को ‘डी-डॉक’ करने (अलग करने) का काम पूरा कर लिया है. इससे चंद्रमा की खोज, मानव अंतरिक्ष उड़ान और अपना स्वयं का अंतरिक्ष स्टेशन बनाने जैसे भविष्य के मिशन के लिए रास्ता साफ हो गया है.

शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”अंतरिक्ष में भारत की बड़ी छलांग. स्पेडेक्स उपग्रहों को अंतरिक्ष में सफलतापूर्वक डी-डॉक करने के लिए टीम इसरो को बधाई. यह हमारे लिए गर्व का क्षण है, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के हमारे अपने अंतरिक्ष स्टेशन बनाने, चंद्रयान 4 और गगनयान के सपने को गति देगा. हमारे वैज्ञानिकों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि हमारी उपलब्धि की कोई सीमा नहीं है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu