चंडीगढ़. पंजाब के जालंधर में स्थित यूट्यूबर रोजर संधू के आवास पर रविवार को ‘ग्रेनेड जैसी वस्तु’ फेंके जाने की घटना की जिम्मेदारी पाकिस्तान के एक गैंगस्टर ने ली है. घटना के बाद से दो वीडियो सामने आए हैं, जिनमें से एक में पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी दावा कर रहा है कि उसने मुस्लिम समुदाय के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने के लिए यूट्यूबर पर हमला किया है.
पुलिस ने रविवार को बताया कि अज्ञात लोगों ने पंजाब के जालंधर जिले के मकसूदां स्थित संधू के आवास पर ग्रेनेड जैसी वस्तु फेंकी.
पुलिस ने बताया कि इस घटना में कोई विस्फोट ना होने के कारण जान माल की हानि नहीं हुई. सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और बम निरोधक दस्ते ने बम को कब्जे में ले लिया.
जालंधर देहात पुलिस अधीक्षक जसरूप कौर बाठ ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “हमें एक गोल धातु की वस्तु मिली है, लेकिन हम तत्काल इसकी पुष्टि नहीं कर सके कि यह ग्रेनेड है या नहीं. यह ग्रेनेड जैसा दिखता है. मामले की जांच जारी है.” वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (देहात) गुरमीत सिंह ने यूट्यूबर के आवास के बाहर संवाददाताओं से कहा, “हमने संधू से बात की और एक संदिग्ध धातु की वस्तु भी मिली है. बम निरोधक दल इसकी जांच कर रहा है.” उन्होंने कहा कि वे सीसीटीवी फुटेज की जांच करेंगे.
इस बीच, एक कथित 18 सेकंड का वीडियो सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति कार में बैठा हुआ है और इमारत की दूसरी मंजिल पर ग्रेनेड जैसी वस्तु फेंकने का निर्देश दे रहा है. वह कार में बैठे दूसरे व्यक्ति से पिन निकालने के लिए कहता हुआ दिखाई दे रहा है.
एक अन्य वीडियो में, पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी ने दावा किया है कि जालंधर में “ग्रेनेड” फेंका गया था, क्योंकि यूट्यूबर इस्लाम के लिए अपशब्द का प्रयोग कर रहा था.
भट्टी ने वीडियो में कहा, “अगर वह बच गया, तो हम इसे फिर से करेंगे. वह अकेला नहीं है, पांच लोगों ने ऐसा किया है. उन्हें लगा कि हम भूल गए हैं. मैं अपने भाइयों जीशान अख्तर और हैप्पी पासिया (अमेरिका में रहने वाला आतंकवादी) का शुक्रिया अदा करता हूं, जिन्होंने मेरी मदद की.” भट्टी ने कहा, “अगर आप चाहते हैं कि खून-खराबा न हो या शांति भंग न हो, तो आप उन्हें गिरफ्तार कर लें. मैं आपको तस्वीरें और नाम देता हूं, आप उन्हें गिरफ्तार कर लें. अगर आप उन्हें गिरफ्तार नहीं करेंगे, तो मैं ऐसा कहर बरपाऊंगा कि उनकी सात पीढि.यां याद रखेंगी. मैं अंत में (ग्रेनेड फेंकने का) वीडियो दिखा रहा हूं. मुझे प्रसिद्धि की जरूरत नहीं है. मैंने वीडियो इसलिए बनाया है कि अगर कोई दोबारा अपशब्द बोलेगा, तो मैं और भी बुरा करूंगा. अगर वह (संधू) बच गया, तो मैं इससे भी बड़ा (कुछ) करूंगा.”