जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमलों के लिए वांछित लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष कमांडर की पाकिस्तान में हत्या

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 16 Mar 2025 08:15 PM
जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमलों के लिए वांछित लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष कमांडर की पाकिस्तान में हत्या
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. जम्मू-कश्मीर में कई घातक आतंकी हमलों के लिए वांछित लश्कर-ए-तैयबा के एक शीर्ष कमांडर की पाकिस्तान में अज्ञात बंदूकधारियों ने हत्या कर दी. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने पड़ोसी देश से मिली जानकारी के आधार पर बताया कि जिया-उर-रहमान उर्फ नदीम उर्फ अबू कतल उर्फ कतल सिंधी की शनिवार शाम पंजाब प्रांत के झेलम इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई. उन्होंने बताया कि बंदूकधारियों ने रहमान के सुरक्षा गार्ड की भी हत्या कर दी.

रहमान को लश्कर संस्थापक हाफिज सईद का भरोसेमंद सहयोगी माना जाता था. वह जम्मू-कश्मीर के पूंछ-राजौरी क्षेत्र में आतंकवादी गतिविधियों में शामिल था. अधिकारियों के मुताबिक, रहमान ने वर्ष 2000 की शुरुआत में जम्मू क्षेत्र में घुसपैठ की थी और 2005 में वापस पाकिस्तान चला गया था. उसके पास पूंछ और राजौरी में आतंकवादियों के सहयोगियों का मजबूत नेटवर्क था.

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की जांच में कई आतंकवादी वारदातों में रहमान की संलिप्तता की बात सामने आई थी. केंद्रीय एजेंसी ने 2023 में राजौरी के डांगरी गांव में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हुए हमले से जुड़े मामले में उसके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (निवारण) अधिनियम (यूएपीए) के तहत आरोप पत्र दाखिल किया था.

डांगरी गांव में आतंकियों ने एक जनवरी 2023 को अंधाधुंध गोलीबारी कर पांच लोगों की हत्या कर दी थी. हमलावरों ने घटनास्थल पर एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) भी छोड़ा था, जिसकी चपेट में आकर अगले दिन दो और लोगों की जान चली गई थी, जबकि 14 अन्य घायल हुए थे. रहमान को नौ जून 2024 को दर्शन के लिए शिव खोड़ी मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं की बस पर हुए हमले का मास्टरमाइंड भी बताया जाता था. इस हमले में नौ तीर्थयात्रियों की मौत हो गई थी, जबकि 41 अन्य घायल हुए थे.

अधिकारियों के अनुसार, रहमान 20 अप्रैल 2023 को भट्टा-दुर्रियन में हुए हमले में भी शामिल था, जिसमें पांच भारतीय सैनिक शहीद हो गए थे. इसके अलावा, पांच मई 2023 को कंडी क्षेत्र में 9 पैरा स्पेशल फोर्स पर हुए हमले के पीछे भी उसका हाथ था, जिसमें पांच सैनिकों की जान गई थी.

अधिकारियों के मुताबिक, रहमान पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) के कोटली जिले में लश्कर के आतंकवादियों की घुसपैठ की योजना बनाने की जिम्मेदारी संभाल रहा था. वह सईद के सबसे भरोसेमंद लोगों में शामिल था. पिछले तीन वर्षों में पाकिस्तान और पीओके में अज्ञात बंदूकधारियों ने लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिदीन के एक दर्जन से अधिक आतंकवादियों की हत्या की है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu