जीई एयरोस्पेस ने तेजस एमके-1ए जेट के लिए एफ-404 इंजन की आपूर्ति शुरू की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 26 Mar 2025 08:34 PM
जीई एयरोस्पेस ने तेजस एमके-1ए जेट के लिए एफ-404 इंजन की आपूर्ति शुरू की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अमेरिका की दिग्गज रक्षा कंपनी जीई एयरोस्पेस ने बुधवार को कहा कि उसने तेजस लाइट कॉम्बैट जेट कार्यक्रम के लिए हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) को 99 एफ-404 विमान इंजनों में से पहला इंजन दे दिया है. सरकारी कंपनी एचएएल तेजस लड़ाकू विमान के एमके-1ए संस्करण को ताकत प्रदान करने के लिए इंजन खरीद रही है.

वर्ष 2021 के फरवरी में रक्षा मंत्रालय ने भारतीय वायुसेना के लिए 83 तेजस एमके-1ए जेट की खरीद के लिए एचएएल के साथ 48,000 करोड़ रुपये का सौदा किया था. इन विमानों की आपूर्ति पिछले साल मार्च में शुरू होनी थी, लेकिन अभी तक एक भी विमान की आपूर्ति नहीं हुई है. अमेरिकी कंपनी की ओर से एफ404-आईएन20 इंजन की आपूर्ति शुरू होने से एचएएल को भारतीय वायुसेना को विमानों की अपूर्ति शुरू करने में मदद मिलने की उम्मीद है.

रक्षा सूत्रों ने संकेत दिया कि जीई एयरोस्पेस द्वारा इंजन की आपूर्ति में देरी भी एक कारण है, जिसके चलते एचएएल द्वारा भारतीय वायुसेना को तेजस जेट की आपूर्ति समय से नहीं की जा सकी. यह पता चला है कि अमेरिकी कंपनी द्वारा मैसाचुसेट्स के पास लिन में अपनी विनिर्माण सुविधा में इंजन को एचएएल को दिया गया है. इंजन के अगले महीने की शुरुआत में भारत पहुंचने की उम्मीद है. जीई एयरोस्पेस के एफ404 को सबसे प्रभावी विमान इंजनों में से एक माना जाता है और यह दुनियाभर के हजारों लड़ाकू विमानों को ताकत प्रदान कर रहा है.

जीई एयरोस्पेस ने एक बयान में कहा, ”हम मंगलवार को अपने मूल्यवान ग्राहक हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) को तेजस लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट एमके 1ए फाइटर जेट के लिए 99 एफ404-आईएन20 इंजनों में से पहला इंजन देकर उत्साहित थे.” इसने कहा, ”यह एचएएल के साथ हमारे 40 साल के संबंधों और देश की रक्षा विनिर्माण क्षमताओं को बढ़ाते हुए अगली पीढ़ी के लड़ाकू विमानों को विकसित करके भारत की सेना के लिए एक मजबूत भविष्य सुनिश्चित करने के हमारे प्रयासों की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है.” कंपनी ने कहा कि एफ404-आईएन20 इंजन भारत के एकल इंजन वाले लड़ाकू कार्यक्रम के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया गया है. कंपनी ने कहा कि एफ404 इंजन में सबसे अधिक थ्रस्ट, उच्च प्रवाह वाला पंखा, अद्वितीय एकल क्रिस्टल टरबाइन ब्लेड और कई विशेष घटक हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu