स्टॉक मार्केट खुलते ही दौड़ा सेंसेक्स, 1500 अंकों से अधिक चढ़ा…

Author: navabharat digital
UPDATED: Tue, 15 Apr 2025 12:44 PM
स्टॉक मार्केट खुलते ही दौड़ा सेंसेक्स, 1500 अंकों से अधिक चढ़ा…
ऑडियो सुनें

मुंबई: शेयर बाजार तेजी के साथ खुला है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी दोनों ग्रीन लाइन पकड़कर कारोबार कर रहे हैं।

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 1500 अंकों से अधिक की बढ़त हासिल कर चुका है और निफ्टी भी 480 से अधिक मजबूत हुआ है। एशिया के कुछ दूसरे बाजारों में भी आज अच्छी शुरुआत हुई है। इससे पहले 14 अप्रैल को अमेरिकी स्टॉक मार्केट उछाल के साथ बंद हुआ था।

इस वजह से चढ़ा बाजार

मार्केट में आज की तेजी की वजह भी अमेरिका से टैरिफ पर मिली राहत है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बीते कुछ दिनों में टैरिफ को लेकर जो कदम उठाए हैं, उससे भारत सहित तमाम देशों को राहत मिली है। ट्रंप ने नए टैरिफ को 90 दिनों के लिए रोक दिया है और टैरिफ में कटौती के भी संकेत दिए हैं। वहीं, यूरोपीय यूनियन (EU) ने भी अमेरिका से आने वाले सामानों पर करीब 21 अरब डॉलर के टैरिफ पर 14 जुलाई तक रोक लगा दी है। इससे ग्लोबल स्तर पर ट्रेड वॉर की आशंका कमजोर हुई है। इसके अलावा, डॉलर के मुकाबले रुपये में आई मजबूती ने भी मार्केट को सपोर्ट दिया है।

इस राहत से मिला बूस्ट

डोनाल्ड ट्रंप ने स्मार्टफोन, लैपटॉप और पर्सनल कंम्यूटर जैसे कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स प्रोडक्ट्स के आयात पर टैरिफ में अस्थायी छूट देने का ऐलान किया है। खास बात यह है कि इस छूट में चीन को भी शामिल किया गया है। इस वजह से भारत सहित दुनिया के कई बाजारों में उछाल देखने को मिला है। जापान का निक्केई 225 इंडेक्स, दक्षिण कोरिया का कोस्पी और ताइवान TAIEX इंडेक्स मजबूत हैं। जबकि चीन के शंघाई इंडेक्स में गिरावट देखने को मिली है। इससे पहले, अमेरिका के तीनों प्रमुख इंडेक्स, नैस्डैक (0.64%), S&P 500 (0.79%) और डाउ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज (0.78%) 14 अप्रैल को बढ़त के साथ बंद हुए थे।

6.44 लाख करोड़ का उछाल

बाजार की इस तेजी से BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 6.44 लाख करोड़ बढ़ गया है। लगभग सभी इंडेक्स इस समय हरे निशान पर कारोबार कर रहे हैं। वहीं, सेंसेक्स की कुछ कंपनियों के स्टॉक शुरुआती बढ़त के बाद हल्की गिरावट का सामना कर रहे हैं। एशियन पेंट्स, कोटक बैंक, ITC, नेस्ले और हिंदुस्तान यूनिलीवर में मामूली गिरावट आई है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital