भ्रष्टाचार, लूट में लिप्त लोगों को अब इसकी कीमत चुकानी होगी : भाजपा ने नेशनल हेराल्ड मामले में कहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 15 Apr 2025 10:00 PM
भ्रष्टाचार, लूट में लिप्त लोगों को अब इसकी कीमत चुकानी होगी : भाजपा ने नेशनल हेराल्ड मामले में कहा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अन्य के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किये जाने के बाद, मंगलवार को कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार और सार्वजनिक संपत्ति की लूट में लिप्त लोगों को अब इसकी कीमत चुकानी होगी.

केंद्र में सत्तारूढ. पार्टी ने कांग्रेस नेताओं पर जनता के पैसे की ”लूट” में लिप्त होने के बाद खुद को पीड़ित बताने का भी आरोप लगाया.
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने ईडी की कार्रवाई को बदले की राजनीति कहने के लिए विपक्षी पार्टी की आलोचना की और कहा कि मामले में कार्यवाही अदालत के आदेश पर शुरू हुई थी.

उन्होंने कहा, ”क्या उनका मतलब यह है कि अदालत ने उनके खिलाफ प्रतिशोधात्मक कार्रवाई की है?” विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने ने नौ अप्रैल को दाखिल आरोपपत्र की, संज्ञान के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर पड़ताल की और सुनवाई की अगली तारीख 25 अप्रैल निर्धारित की, जिसके बाद भाजपा की यह प्रतिक्रिया आई है. ईडी ने धन शोधन के आरोप में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अन्य के खिलाफ नौ अप्रैल को आरोपपत्र दाखिल किया था. आरोपपत्र में, कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा और सुमन दुबे को भी मामले में आरोपी बनाया गया है.

इस घटनाक्रम के बारे में पूछे जाने पर पूनवाला ने कहा, ”जो भी भ्रष्टाचार और लूट में लिप्त है, उसे अब इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा. अब ईडी का मतलब लूट और परिवारवाद का अधिकार नहीं है.” उन्होंने कहा, ”वे जनता का पैसा और संपत्ति हड़प लेते हैं और जब कार्रवाई होती है तो खुद को पीड़ित बताते हैं… उन्होंने नेशनल हेराल्ड मामले में भी जनता की संपत्ति अपने नाम कर ली.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu