बलरामपुर जिले में जंगली हाथी के हमले में महिला की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 16 Apr 2025 07:32 PM
बलरामपुर जिले में जंगली हाथी के हमले में महिला की मौत
ऑडियो सुनें

बलरामपुर. छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में जंगली हाथी के हमले में एक महिला की मौत हो गई. पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र के अंतर्गत रजखेता-फोकनी गांव के जंगल में एक जंगली हाथी ने यशोदा दास (58) को कुचलकर मार डाला.

उन्होंने बताया कि जिले के स्याही गांव निवासी यशोदा दास सुबह लगभग छह बजे महुआ एकत्र करने के लिए अपने घर से लगभग सात किलोमीटर दूर रजखेता-फोकनी के जंगल में गई थी. अधिकारियों ने बताया कि हाथी ने कुचलकर यशोदा की जान ले ली . उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.

अधिकारियों ने बताया कि मृत महिला के परिजनों को तत्काल 25 हजार रुपए दिए गए हैं. शेष 5.75 लाख रुपए अन्य औपचारिकता पूरी होने के बाद दिए जाएंगे. उन्होंने बताया कि गांव में जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों को हाथी से दूर रहने को कहा गया है. अधिकारियों ने बताया कि वाड्रफनगर के जंगलों में दो जंगली हाथी एक सप्ताह से अलग-अलग घूम रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu