जो लोकतंत्र बेचेंगे, वे अगले जन्म में ऊंट, भेड़, बकरी, कुत्ता और बिल्ली बनेंगे: भाजपा विधायक

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 17 Apr 2025 08:13 PM
जो लोकतंत्र बेचेंगे, वे अगले जन्म में ऊंट, भेड़, बकरी, कुत्ता और बिल्ली बनेंगे: भाजपा विधायक
ऑडियो सुनें

इंदौर. मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक उषा ठाकुर ने कहा है कि जो व्यक्ति लोकतंत्र बेचेंगे, वे अगले जन्म में ऊंट, भेड़, बकरी, कुत्ता और बिल्ली जैसे जानवर बनेंगे. उन्होंने चुनावों के दौरान मतदाताओं द्वारा धन, शराब और उपहारों के लालच में वोट डालने की प्रवृत्ति पर नाराजगी जताते हुए अपने महू विधानसभा क्षेत्र के हासलपुर गांव में यह बात बुधवार को एक सभा के दौरान कही. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर बृहस्पतिवार को प्रसारित हुआ.

वीडियो में ठाकुर कहते हुए सुनाई दे रही हैं, ”भाजपा सरकार की लाड़ली बहना योजना और किसान सम्मान निधि जैसी कितनी योजनाओं के माध्यम से हर हितग्राही के खाते में हजारों रुपये आते ही हैं. उसके बाद भी यदि 1,000-500 (रुपये) में वोट बिक जाए, तो फिर यह मनुष्यों के लिए डूब मरने की बात है.” उन्होंने सभा में मौजूद ग्रामीणों से अपील की कि वे लोकतंत्र की रक्षा करें.
भाजपा विधायक ने कहा, ”लोकतंत्र में हम वोट डालने जाते हैं, तो कोई देखता है क्या? तब आप अकेले होते हैं और आपके साथ केवल परमपिता परमात्मा होते हैं, तो किसी ने कुछ ले-दे भी लिया, तो ले लो भाई….पर वोट डालते समय अपना ईमान मत गंवाओ. वोट तो भाजपा को ही देना जो राष्ट्र, धर्म और संस्कृति की सेवा करती है.”

अपने बयानों के लिए अक्सर चर्चा में रहने वालीं ठाकुर, राज्य की पूर्व काबीना मंत्री हैं. उन्होंने किसी का नाम लिए बगैर कहा, ”ये जो गिलासधारियों के पैसे, साड़ी, गिलास और दारू लेकर तटस्थ हुए, सब अपनी डायरी में लिख लेना कि वे पक्के तौर पर अगले जन्म में ऊंट, भेड़, बकरी, कुत्ते और बिल्ली बनने वाले हैं. जो लोकतंत्र बेचेंगे, वे ये ही बनने वाले हैं, यह बात पक्के तौर पर लिख लेना. भगवान से मेरी सीधी बातचीत है, मेरा विश्वास करना.” इस बयान को लेकर प्रतिक्रिया मांगे जाने पर ठाकुर ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के मतदाताओं को समझाकर उन्हें जागरूक करने के लिए ये बातें कही थीं.

उन्होंने कहा, ”लोकतंत्र हमारा प्राण है. सरकार संविधान के प्रावधानों के मुताबिक हितग्राहियों की जिंदगी बेहतर करने के लिए कई योजनाएं संचालित करती है और पूरे 12 महीने जनता की सेवा करती है. ऐसे में चुनावों के वक्त अगर कोई व्यक्ति किसी भी स्थिति में धन, शराब या अन्य सामग्री लेकर अपना वोट बेचेगा, तो यह अक्षम्य अपराध है.” ठाकुर ने अपने बयान को उचित ठहराते हुए कहा, ”हमें अपने कर्मों के आधार पर अगला जीवन मिलता है. अगर हमारे कर्म खराब होंगे, तो अगले जन्म में हमें फिर मनुष्य योनि थोड़े ही मिलेगी.” प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता मृणाल पंत ने कहा कि भाजपा विधायक का बयान न केवल उनकी ”दकियानूसी सोच” को दिखाता है, बल्कि यह महू क्षेत्र में सत्तारूढ़ दल के नेताओं की अंदरूनी खींचतान की ओर भी साफ इशारा करता है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu