दुष्कर्म के आरोपी ने की पुलिस की रायफल छीनकर हमले की कोशिश, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 24 Apr 2025 01:49 PM
दुष्कर्म के आरोपी ने की पुलिस की रायफल छीनकर हमले की कोशिश, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
ऑडियो सुनें

सोनभद्र: सोनभद्र जिले के पिपरी क्षेत्र में अनुसूचित जाति की एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के एक आरोपी ने बृहस्पतिवार को पुलिस की रायफल छीनकर हमले की कोशिश की। पुलिस द्वारा ‘आत्मरक्षा’ में चलायी गयी गोली लगने से घायल अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने बताया कि एक महिला ने बुधवार की शाम पिपरी थाने में लिखित शिकायत दी थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि उसकी 11 वर्षीय नातिन बुधवार को लापता हो गयी थी और खोजने पर एक घर में से उसके रोने की आवाज आयी। शिकायत के मुताबिक, जब दरवाजा खुलवाया गया तो मंजर खान नामक आरोपी दरवाज़ा खोलकर भागा।

कुमार ने बताया कि शिकायत में महिला ने कहा है कि वह जब घर के अंदर पहुंची तो उसकी नातिन निर्वस्त्र हालत में पड़ी रो रही थी। शिकायत के अनुसार, पीड़िता ने अपने परिजनों को बताया कि मंजर खान ने उससे दुष्कर्म किया है।

क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इस सिलसिले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस बच्ची के कपड़े बरामद करने के लिये खान को उसकी बतायी हुई जगह खाड़पाथर के जंगल में लेकर गई थी।

कुमार ने बताया कि कपड़े बरामद होने के बाद लौटते समय खान ने एक कांस्टेबल की रायफल छीन कर पुलिस पर गोली चलाने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में खान के पैर में गोली लग गई। उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए म्योरपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital