राहुल गांधी ने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए युवक के परिजनों से की मुलाकात

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 30 Apr 2025 07:10 PM
राहुल गांधी ने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए युवक के परिजनों से की मुलाकात
ऑडियो सुनें

कानपुर. लोकसभा में विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में मारे गए कानपुर निवासी शुभम द्विवेदी के परिजनों से बुधवार को मुलाकात की और कहा कि इस हमले के मद्देनजर संसद का एक विशेष सत्र बुलाया जाना चाहिए.

कांग्रेस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्­ट कर इस मुलाकात की जानकारी देते हुए बताया, ” विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले शुभम द्विवेदी के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया. पहलगाम में हुआ हमला देश के भाईचारे और सद्भाव पर गहरी चोट है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता. हमें एकजुट होकर आतंक को करारा जवाब देना होगा.” कांग्रेस पार्टी ने एक अन्य संदेश में राहुल के हवाले से कहा, ”पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वालों के लिए संसद का एक विशेष सत्र बुलाया जाना चाहिए, जिसमें इस गंभीर मामले से जुड़ी चर्चा हो.” कानपुर के निवासी एवं कारोबारी शुभम द्विवेदी समेत 26 पर्यटक 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में मारे गए थे.

अपना अमेठी दौरा पूरा करने के बाद यहां पहुंचे राहुल गांधी ने शुभम के घर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों से मुलाकात की. गांधी के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय भी थे. राय 23 अप्रैल को शुभम के अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुभम के परिवार से मिलने 23 अप्रैल को कानपुर आए थे. शुभम के परिजनों से मुलाकात के बाद आदित्यनाथ ने कहा था कि पहलगाम आतंकी हमले के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी.

कानपुर के 31 वर्षीय व्यवसायी शुभम द्विवेदी का महज दो महीने पहले 12 फरवरी को विवाह हुआ था. कश्मीर के पहलगाम में पत्नी के सामने ही आतंकवादियों ने शुभम की गोली मारकर हत्या कर दी थी. शुभम अपनी पत्नी और नौ अन्य परिजनों के साथ एक सप्ताह की छुट्टी पर 16 अप्रैल को कश्मीर गए थे. दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के लोकप्रिय पर्यटन शहर पहलगाम के पास बैसरन में 22 अप्रैल को आतंकवादियों द्वारा की गई गोलीबारी में 26 लोग मारे गए थे और कई अन्य घायल हो गए. इनमें ज्यादातर पर्यटक थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu