मणिपुर के बलिदानी बीएसएफ जवान दीपक के पिता ने कहा: मुझे गर्व है अपने बेटे पर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 12 May 2025 08:51 PM
मणिपुर के बलिदानी बीएसएफ जवान दीपक के पिता ने कहा: मुझे गर्व है अपने बेटे पर
ऑडियो सुनें

इंफाल/पटना. सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान दीपक चिंगाखम की मौत पर परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों के गमगीन होने के बीच उनके पिता ने कहा कि उन्हें अपने 25 वर्षीय बेटे के बलिदान पर गर्व है. जम्मू कश्मीर के आरएस पुरा सेक्टर में गोलाबारी के दौरान घायल होने के बाद दीपक की मृत्यु हो गयी थी.

शहीद जवान के पिता चिंगाखम बोनीबिहारी सिंह ने कहा, ”हमें उसके बलिदान पर गर्व है. वह अप्रैल 2021 में बीएसएफ में शामिल हुआ था और परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था. स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण मैं काम करने में असमर्थ हूं.” दीपक के छोटे भाई चिंगाखम नाओबा सिंह ने कहा, ”वह मुझे अक्सर फोन करते थे, मुझसे पूछते थे कि मुझे क्या चाहिए और हमेशा मुझसे कहते थे कि जीवन में सफल होने के लिए कड़ी मेहनत करो. अब वह दुनिया से चले गए हैं. मैं पूरी तरह से टूट चुका हूं.” दीपक की मां भी सदमे में हैं और वह लगातार रो रही हैं एवं अपने बेटे को वापस लाने की मांग कर रही हैं. चिंगाखम का पार्थिव शरीर मंगलवार को विमान से इंफाल हवाई अड्डे पर लाया जायेगा.

बीएसएफ के बलिदानी उपनिरीक्षक का पार्थिव शरीर पटना लाया गया, बेटे ने कहा पिता पर गर्व है 
जम्मू कश्मीर में आरएस पुरा सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से की गई भारी गोलीबारी के दौरान शहीद हुए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के उपनिरीक्षक मोहम्मद इम्तियाज का पार्थिव शरीर सोमवार को पटना लाया गया. इस दौरान शहीद के बेटे इमरान रजा हवाई अड्डे पर चुपचाप खड़े रहे. उपनिरीक्षक मोहम्मद इम्तियाज जम्मू कश्मीर के आरएस पुरा सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात थे.

इमरान रजा ने हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में कहा, ”मुझे अपने पिता पर गर्व है और मैं उन सभी को सलाम करता हूं, जिन्होंने देश के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी.” उन्होंने कहा, ”मेरे पिता बहुत मजबूत व्यक्ति थे. मैंने उनसे आखिरी बार 10 मई (शनिवार) को सुबह साढ.े पांच बजे बात की थी. उनके दाहिने पैर में चोट लगी थी. घायल होने के बाद उपनिरीक्षक इम्तियाज उसी शाम शहीद हो गए थे.

सुरक्षार्किमयों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर एवं हवाई अड्डे पर पुष्पांजलि अर्पित किए जाने के बाद इम्तियाज के पार्थिव शरीर को सारण जिले के नारायणपुर गांव स्थित उनके घर ले जाया गया. पूरे राजकीय सम्मान के साथ आज ही उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.
इम्तियाज का पार्थिव शरीर लेने के लिए बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, कई मंत्री और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी हवाई अड्डे पर मौजूद रहे. इमरान ने भारत में आतंकी हमलों के लिए पाकिस्तान को उचित सबक सिखाए जाने की मांग की.

उन्होंने कहा, ”पाकिस्तान को उचित सबक सिखाना चाहिए. हमारी सरकार को ऐसा करारा जवाब देना चाहिए कि किसी बेटे को कभी अपने पिता को न खोना पड़े.” हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए यादव ने कहा, ”जम्मू कश्मीर के आरएस पुरा सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देते हुए इम्तियाज शहीद हो गए. उनके जैसे बहादुर लोगों की वजह से ही आज हम सुरक्षित हैं. देश उनके बलिदान को हमेशा याद रखेगा.” राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा, ”मोहम्मद इम्तियाज का बलिदान व्यर्थ नहीं गया… हमारे बहादुर सैनिकों ने उनके बलिदान का बदला ले लिया है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu