लाहौर/इस्लामाबाद. पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के गुजरात शहर में भारतीय ड्रोन हमलों और गोलीबारी में शनिवार को सात लोग मारे गए जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. पाकिस्तानी अधिकारियों ने सोमवार को दावा किया. सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार को ड्रोन से प्रभावित क्षेत्रों में पंजाब प्रांत के लाहौर, चिनिओत, पाकपट्टन, खरियन, शेखूपुरा और जलापुर जट्टन शामिल हैं.
अधिकारी ने बताया, “पिछले शनिवार को भारत की सीमा से सटे गांवों में भारतीय पक्ष की गोलीबारी और ड्रोन हमले के कारण सात लोग मारे गए और छह गंभीर रूप से घायल हो गए.” अधिकारी ने यह भी बताया कि लाहौर से करीब 400 किलोमीटर दूर पंजाब के रहीम यार खान जिले में शेख जायद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एयरबेस) को शनिवार सुबह भारत द्वारा दागी गई मिसाइल से ‘काफी नुकसान’ हुआ है.
उन्होंने बताया, “भारतीय हमले ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति और उनके परिवार द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले ‘रॉयल लाउंज’ सहित इसके बुनियादी ढांचे को काफी नुकसान पहुंचा है.” रहीम यार खान के उपायुक्त खुर्रम जावेद ने दावा किया कि भारत ने मिसाइल और ड्रोन दोनों से हवाई अड्डे को निशाना बनाया. जावेद ने बताया, “हमले में ‘रॉयल लाउंज’ नष्ट हो गया और हवाई अड्डे के एप्रन क्षेत्र में 10 फुट चौड़ा गड्ढा हो गया.”
भारत के साथ टकराव में एक सैन्य विमान को “हल्का नुकसान” पहुंचा: पाक सेना अधिकारी
पाकिस्तान की सेना ने रविवार देर रात स्वीकार किया कि भारत के साथ हालिया सैन्य टकराव में उसके एक सैन्य विमान को “हल्का नुकसान” पहुंचा है. हालांकि, विमान या उसकी क्षति से संबंधित विवरण की जानकारी साझा नहीं की गई. शनिवार को भारत और पाकिस्तान के बीच जमीन, हवा और समुद्र में सभी तरह की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई को तत्काल प्रभाव से रोकने पर सहमति बनी थी.
पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने वायु सेना और नौसेना अधिकारियों के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि संवाददाता सम्मेलन का उद्देश्य ऑपरेशन बुनयान-उन-मरसूस’ की कार्रवाई और नतीजों के बारे में जानकारी देना है. चौधरी ने कहा, “पाकिस्तान के केवल एक विमान को हल्का नुकसान हुआ है,” लेकिन उन्होंने विमान से संबंधित कोई और विवरण नहीं दिया.
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की हिरासत में कोई भारतीय पायलट नहीं है और इस संबंध में आईं सभी खबरें “सोशल मीडिया पर फैलाई गई झूठी अफवाहें” हैं. सेना प्रवक्ता ने दावा किया कि पाकिस्तान की सैन्य प्रतिक्रिया “सटीक, संतुलित और संयमित” रही है.