छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर नक्सलियों से मुठभेड़ के बाद पुलिस ने हथियार और विस्फोटक जब्त किए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 12 May 2025 09:05 PM
छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर नक्सलियों से मुठभेड़ के बाद पुलिस ने हथियार और विस्फोटक जब्त किए
ऑडियो सुनें

गढ़चिरौली. पुलिस ने सोमवार को छत्तीसगढ़ सीमा के पास महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में माओवादियों के साथ मुठभेड़ के बाद दो हथियार, कई कारतूस, विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. गढ़चिरौली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह मुठभेड़ तीन स्थानों पर हुई और दो घंटे तक जारी रही.

पुलिस को रविवार दोपहर खुफिया जानकारी मिली थी कि माओवादियों के भामरागढ़ दलम ने गढ़चिरौली के कवंडे में एक ‘फुटओवर ब्रिज’ के पास महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर एक शिविर स्थापित किया है. विज्ञप्ति में कहा गया है कि इन सूचनाओं के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के नेतृत्व में नक्सली हिंसा से निपटने के लिए कार्यरत एक विशेष पुलिस इकाई सी-60 के लगभग 200 कमांडो के साथ एक अभियान रविवार शाम को शुरू किया गया.

पुलिस इकाई जब सोमवार सुबह अभियान को अंजाम दे रही थी, तभी माओवादियों ने उस पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी जिसका सी-60 इकाई ने जोरदार जवाब दिया. माओवादियों के साथ दो घंटे की अवधि में तीन स्थानों पर रुक-रुक कर गोलीबारी हुई. बयान में बताया गया कि गोलीबारी बंद होने के बाद पुलिस ने दो हथियार – एक स्वचालित इंसास राइफल और एक अन्य राइफल – एक मैगजीन, कई गोलियां, विस्फोटक, एक रेडियो, 3 ‘पिट्ठू’ (माओवादियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले बोरे), बड़ी मात्रा में नक्सली साहित्य और सामान बरामद किया. इसमें बताया गया कि सी-60 कमांडो ने माओवादियों द्वारा स्थापित शिविर को पूरी तरह से नष्ट कर दिया. बयान में कहा गया है कि कुछ माओवादियों के हताहत होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu