गढ़चिरौली में चार महिलाओं समेत पांच नक्सली पकड़े गये

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 20 May 2025 07:48 PM
गढ़चिरौली में चार महिलाओं समेत पांच नक्सली पकड़े गये
ऑडियो सुनें

गढ़चिरौली. पूर्वी महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में मंगलवार को पुलिस ने तीन महिला नक्सलियों को गिरफ्तार किया और दो नाबालिगों को हिरासत में लिया जिनपर कुल 36 लाख रुपये का इनाम घोषित था. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि जिला पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि 50 से 60 नक्सली भामरागढ़ क्षेत्र के बिनगुंडा मौजा में पुलिसर्किमयों पर हमला करने की साजिश के तहत एकत्र हुए हैं.

विज्ञप्ति के अनुसार रविवार को जिला पुलिस की विशेष नक्सल रोधी इकाई सी-60 कमांडो के सात दस्ते और सीआरपीएफ की 37 वीं बटालियन के एक दस्ते को इलाके में भेजा गया. सी-60 कमांडो ने सोमवार को बिनगुंडा गांव की घेराबंदी की और हथियारों के साथ इन पांच नक्सलियों को हिरासत में लिया. पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार की गई तीन महिलाओं में उंगी होयम (27) माओवादियों की ‘प्लाटून 32’ की डिवीजनल कमेटी की सदस्य थी और उस पर 16 लाख रुपये का इनाम था.

पुलिस के अनुसार पल्लवी मिडयाम (19) ‘प्लाटून पार्टी कमेटी’ सदस्य के रूप में काम कर रही थी और उस पर आठ लाख रुपये का इनाम था. देवे पोडियाम (19) पर चार लाख रुपये का इनाम था. तीनों छत्तीसगढ़ की हैं.
पुलिस का कहना है कि अन्य दो नक्सली एक पुरुष और एक महिला हैं तथा उनके नाबालिग होने का संदेह है. उन पर कुल आठ लाख रुपये का इनाम है. उन्हें हिरासत में लिया गया है और किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा.

इन नक्सलियों के पास से एक ‘सेल्फ-लोडिंग राइफल (एसएलआर)’, ‘.303 राइफल’, ‘तीन सिंगल शॉट राइफल’, दो भरमार बंदूकें, तीन वॉकी-टॉकी सेट और अन्य सामान जब्त किया गया. नीलोत्पल ने संकेत दिया कि क्षेत्र में नक्सल रोधी अभियान तेज किया जाएगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu