असम: पहलगाम आतंकी हमले के बाद 73 ‘पाकिस्तानी एजेंट’ गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 20 May 2025 08:17 PM
असम: पहलगाम आतंकी हमले के बाद 73 ‘पाकिस्तानी एजेंट’ गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

गुवाहाटी. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को कहा कि ”पाकिस्तानी एजेंट” के रूप में काम करने के आरोप में राज्य के विभिन्न हिस्सों से दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इसके साथ ही, पहलगाम आतंकी हमले के बाद ऐसी गिरफ्तारियों की कुल संख्या 73 हो गई है. शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि चिरांग और होजई जिलों से एक-एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है.

उन्होंने कहा, ”ऑपरेशन सिंदूर की तरह, राष्ट्र विरोधियों का पता लगाने और उन्हें दंडित करने का हमारा मिशन जारी है…73 पाकिस्तानी एजेंट अब जेल में हैं.” इससे पहले, विपक्षी एआईयूडीएफ विधायक अमीनुल इस्लाम को पहलगाम आतंकी हमले में पाकिस्तान और उसकी मिलीभगत का कथित तौर पर बचाव करने के आरोप में देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. मामले में जमानत मिलने के बाद इस्लाम को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) के तहत हिरासत में लिया गया था.

शर्मा ने दो मई को, जम्मू कश्मीर आतंकी हमले के बाद ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ का नारा लगाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही थी. दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में एक प्रमुख पर्यटक स्थल पर 22 अप्रैल को आतंकवादियों के हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu