‘ऑपरेशन सिंदूर’ खत्म नहीं हुआ, केवल स्थगित किया गया है : पुंछ ब्रिगेड कमांडर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 20 May 2025 10:52 PM
‘ऑपरेशन सिंदूर’ खत्म नहीं हुआ, केवल स्थगित किया गया है : पुंछ ब्रिगेड कमांडर
ऑडियो सुनें

पुंछ. भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि ऑपरेशन सिंदूर खत्म नहीं हुआ है और इसे फिलहाल स्थगित रखा गया है. उन्होंने कहा कि भारतीय सेना सतर्क और तैयार है तथा यदि फिर से चुनौती दी गई, तो वह फिर मुंहतोड़ जवाब देगी. दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले और छह-सात मई को भारत द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को निशाना बनाने के बाद शुरू हुए सैन्य संघर्ष के बाद पुंछ सबसे अधिक प्रभावित हुआ था और पड़ोसी देश की ओर से बड़े पैमाने पर गोलाबारी की गई थी. पुंछ ब्रिगेड कमांडर मुदित महाजन ने यहां संवाददाताओं को बताया, ”ऑपरेशन सिंदूर खत्म नहीं हुआ है, यह फिलहाल स्थगित है.”

उन्होंने सेना की तैयारियों के संबंध में कहा, ”भारतीय सेना सतर्क और तैयार है तथा यदि एक बार फिर चुनौती दी गई, तो हम फिर जवाब देंगे, शब्दों से नहीं, बल्कि गोलों और राष्ट्र के संकल्प के साथ.” महाजन ने कहा कि संक्षेप में पाकिस्तानी सेना की क्षति केवल संख्या में ही नहीं हुई है, बल्कि मनोबल और पहल में भी हुई है. उन्होंने कहा, ”आज, वे अपने ही देश के सामने अपनी विश्वसनीयता खो चुके हैं. अब तक, हमारे पास जो जानकारी हैं, उनसे पता चलता है कि दुश्मन को भारी क्षति हुई है.” महाजन ने कहा, ”हमने प्रतिक्रिया देने के लिए इंतजार नहीं किया, बल्कि हमने जवाब देने की तैयारी की. इस सीमा तक, मैं कहूंगा कि पुंछ ब्रिगेड ऑपरेशन सिंदूर का हिस्सा नहीं, बल्कि उसके केंद्र में था.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu