जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में मुठभेड़ में सैनिक बलिदान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 22 May 2025 07:38 PM
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में मुठभेड़ में सैनिक बलिदान
ऑडियो सुनें

जम्मू/खगड़िया. जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में बृहस्पतिवार को घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में एक सैनिक बलिदान हो गया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि छतरू के शिंगपुरा इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद तलाशी अभियान प्रारंभ किया गया और उस दौरान सुरक्षा बलों एवं आतंकवादियों के बीच गोलीबारी हुई. कहा जा रहा है कि चार आतंकवादियों को इलाके में घेर लिया गया है.

व्हाइट नाइट कोर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”आज सुबह किश्तवाड़ के छतरू में पुलिस के साथ संयुक्त अभियान के दौरान आतंकवादियों से मुठभेड़ हुई.” उसने बताया कि अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है और आतंकवादियों की तलाश में अभियान जारी है. व्हाइट नाइट कोर ने कहा, ”अभियान के दौरान भीषण गोलीबारी जारी है. गोलीबारी में हमारा एक बहादुर जवान गंभीर रूप से घायल हो गया और सर्वोत्तम चिकित्सा उपचारों के बावजूद उसकी मौत हो गई.” इसने कहा है कि अभियान अभी जारी है.

बिहार में चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश के दौरान वायुसेना के एक कर्मी की मौत

बिहार के खगड़िया जिले में बृहस्पतिवार को चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश करते समय वायुसेना के 27-वर्षीय एक जवान की मौत हो गई. पुलिस ने यह जानकारी दी. राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी), खगड़िया के थाना प्रभारी धनंजय कुमार के मुताबिक, मृतक कुणाल कुमार जिले के खटहा नगर परिषद क्षेत्र के निवासी थे.

थाना प्रभारी ने कहा, ”वह बागडोगरा में तैनात थे. पाकिस्तान के साथ सैन्य संघर्ष समाप्त होने के बाद उन्होंने अपने परिवार के साथ कुछ समय बिताने के लिए छुट्टी मांगी थी. सात महीने पहले ही उनकी शादी हुई थी.” पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुणाल कुमार घर पहुंचने के लिए गुवाहाटी-जम्मू तवी एक्सप्रेस में सवार हुए थे और उन्होंने अपने घर के सबसे नजदीकी स्टेशन गौछारी पर ट्रेन की गति धीमी होने के बाद उतरने की कोशिश की, हालांकि उसका वहां ठहराव नहीं था. उन्होंने बताया कि मौके पर ही कुणाल कुमार की मौत हो गयी और शव पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया. थाना प्रभारी के अनुसार इस घटना के बारे में कुणाल कुमार के परिवार के सदस्यों को सूचना दे दी गयी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu