जयपुर/नई दिल्ली. राजस्थान सरकार के एक कर्मचारी को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के संदेह में जैसलमेर से हिरासत में लिया गया अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. सूत्रों के अनुसार, आरोपी कांग्रेस की पूर्व सरकार में मंत्री शाले मोहम्मद के निजी सहायक के रूप में काम करता था. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जैसलमेर के जिला रोजगार कार्यालय में सहायक प्रशासनिक अधिकारी (एएओ) के पद पर कार्यरत शकूर खान के मोबाइल में पाकिस्तान के कुछ फोन नंबर ‘सेव’ मिले हैं. खुफिया इकाई के सूत्रों ने बताया कि शकूर खान 2011 में अपने रिश्तेदारों से मिलने और धार्मिक स्थल पर जाने के लिए सात बार पाकिस्तान जा चुका है.
आरोप है कि खान जैसलमेर से सुरक्षा संबंधी जानकारियां साझा करता था. जयपुर में केंद्रीय खुफिया एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं.
अधिकारी ने बताया कि गोपनीय सूचनाओं के आधार पर खुफिया विभाग की टीम ने खान को बुधवार रात हिरासत में लिया. उन्होंने बताया, “शकूर खान के बारे में सूचना मिली थी कि वह पाकिस्तान के लिए जासूसी में संलिप्त हो सकता है. सूचना के आधार पर उस पर निगरानी रखी जा रही थी और उसे कल (बुधवार) रात हिरासत में लिया गया” हालांकि पुलिस ने खान के राजनीतिक संबंधों के बारे में कुछ भी कहने से परहेज किया, लेकिन सूत्रों ने कहा कि वह पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे शाले मोहम्मद के सहायक (पीए) के रूप में काम करता था.
पुलिस ने बताया कि खान से जैसलमेर में पूछताछ की गई, जिसके बाद टीम उसे लेकर जयपुर के लिए रवाना हो गई. अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “शुरुआती पूछताछ में खान ने बताया कि वह एक धार्मिक स्थल पर जाने और रिश्तेदारों से मिलने के लिए पाकिस्तान गया था” उन्होंने बताया कि खान से पूछताछ की जा रही है. इस बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं ने इस मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधा है और मामले की गहन जांच की मांग की. भाजपा आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि खान राजस्थान के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता शाले मोहम्मद के निजी सहायक के रूप में काम कर चुका है.
मालवीय ने कहा, ”राजस्थान में पूर्व कांग्रेस मंत्री शाले मोहम्मद के निजी सहायक शकूर खान के खिलाफ पाकिस्तान की आईएसआई के लिए जासूसी करने के पुख्ता सबूत मिले हैं” भाजपा नेता ने दावा किया कि वह सीमावर्ती क्षेत्रों की गोपनीय जानकारी पाकिस्तानी अधिकारियों के साथ साझा करता था. भाजपा नेता ने आरोप लगाया, ”पाकिस्तान-पूजा कांग्रेस के खून में है” खान को हिरासत में लिए जाने पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस न केवल भ्रष्ट है, बल्कि वह पूरी तरह से राष्ट्र विरोधी है.
भंडारी ने दावा किया, ”कांग्रेस के पूर्व मंत्री शाले मोहम्मद के पीए (निजी सहायक) को पाकिस्तान की आईएसआई के लिए जासूसी करते हुए पकड़ा गया और उसने संवेदनशील सीमा खुफिया जानकारी लीक की” उन्होंने ‘एक्स’ पर आरोप लगाया, ”आतंकवादियों को बचाने से लेकर देशद्रोहियों को शरण देने तक, यह कांग्रेस का असली चेहरा है” भाजपा के आरोप पर कांग्रेस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी. इस बीच केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि पूरे मामले की जांच होनी चाहिए और इसमें शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए.
शेखावत ने इस मामले के बारे में पूछे जाने पर उदयपुर में संवाददाताओं से कहा, “मीडिया के माध्यम से मुझे इस विषय की जानकारी हुई है कि पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद के पीए को जासूसी के अपराध में पुलिस ने हिरासत में लिया है ये निश्चित तौर पर चिंता का विषय है” उन्होंने कहा, “इसकी (मामले की) ठीक से जांच हो और जितने भी सूत्र उसके साथ जुड़े हैं, उन सबकी जांच करते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ समझौता या खिलवाड़ करने वालों को अपने किए की सजा मिलनी चाहिए” भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने उदयपुर में संवाददाताओं से कहा, “मुझे जानकारी मिली कि कांग्रेस की पूर्व सरकार में एक मंत्री का पीए पाकिस्तान के लिए काम करता था और यहां से सूचनाएं भिजवाया करता था यह बड़ी दुर्भाग्यपूर्ण बात है”.
उन्होंने कहा, “हम उम्मीद करते हैं कि कांग्रेस व इसके नेताओं में भी राष्ट्रभक्ति होनी चाहिए मंत्री के पास सभी जानकारियां होती हैं और मंत्री के साथ जो पीए लगा रहता है उससे कोई चीज छिपी रहती नहीं है उसके पास गोपनीय जानकारी भी होती हैं अगर वह व्यक्ति देश के दुश्मनों के साथ मिलकर उनको इलाके की खुफिया जानकारी दे तो यह चिंताजनक है” राठौड़ ने कहा कि मामले की गहन जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी हो उसको दंडित किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति को पकड़कर उसे दंडित किया जाना पर्याप्त नहीं है बल्कि इसमें कौन-कौन संलिप्त हैं इसका पता कर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि भविष्य में कोई ऐसा नहीं करे.
राठौड़ ने कहा, “जांच जा रही है जांच से सारी स्थिति सामने आ जाएगी किसी के भी संलिप्त पाए जाने पर उसको दंडित किया जाएगा पूरा गिरोह भी पकड़ में आएगा” पूर्व मंत्री शाले मोहम्मद से इस बारे में टिप्पणी के लिए संपर्क नहीं हो सका. शकूर खान को जोधपुर के जिला रोजगार कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर नियुक्ति मिली थी. उसे समय-समय पर क्लर्क (एलडीसी व यूडीसी) और सहायक प्रशासनिक अधिकारी (एएओ) के पद पर पदोन्नत किया गया. खान 1999 से जैसलमेर के जिला रोजगार कार्यालय में कार्यरत है और उसके पास बाड़मेर रोड पर सरकारी आवास है.