
नयी दिल्ली. तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद महुआ मोइत्रा ने बीजू जनता दल (बीजद) के पूर्व सांसद एवं वकील पिनाकी मिश्रा से जर्मनी में शादी कर ली है. यह जानकारी खबरों से मिली. हालांकि, न तो मोइत्रा (50) और न ही मिश्रा (65) ने शादी पर कोई आधिकारिक बयान जारी किया है, लेकिन मीडिया के एक वर्ग में आई खबरों में कहा गया है कि दोनों ने 30 मई को जर्मनी में शादी की.
सोशल मीडिया पर लोगों ने मोइत्रा और मिश्रा को बधाई दी. यादवपुर से टीएमसी की लोकसभा सदस्य सायोनी घोष ने भी दोनों को बधाई दी. घोष ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “बधाई हो महुआ मोइत्रा और पिनाकी मिश्रा. कामना करती हूं कि आपको जीवन भर प्यार और खुशी मिले.ह्व इस संबंध में जब तृणमूल कांग्रेस और बीजू जनता दल (बीजद) के कुछ सांसदों से बात की गई तो उन्होंने कहा कि इस बारे में उन्हें जानकारी नहीं है.
इन्वेस्टमेंट बैंकर के पेशे से राजनीति में आईं मोइत्रा पश्चिम बंगाल के कृष्णनगर से लोकसभा सदस्य हैं. वह दूसरी बार, लोकसभा में इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रही हैं. इससे पहले वह एक बार राज्य विधानसभा की सदस्य रही हैं. मोइत्रा की शादी पहले डेनिश फाइनेंसर लार्स ब्रोरसन से हुई थी. बीजद के वरिष्ठ नेता मिश्रा उच्चतम न्यायालय में वरिष्ठ अधिवक्ता हैं और ओडिशा के पुरी से चार बार लोकसभा सदस्य रहे हैं. उनकी पहली शादी संगीता मिश्रा से हुई थी, जिनसे उनकी दो संतान है.
सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखे हमलों के लिए जानी जाने वाली मोइत्रा पर 2023 में लोकसभा में सवाल पूछने के लिए “नकद” और “उपहार” लेने के आरोप लगे थे. लोकसभा द्वारा उनके खिलाफ जांच भाजपा सांसद निशिकांत दुबे की शिकायत के आधार पर की गई थी, जिन्होंने मोइत्रा के पूर्व मित्र, अधिवक्ता जय अनंत देहाद्राई से प्राप्त एक पत्र का हवाला दिया था.
दुबे ने कहा था कि वकील ने संसद में प्रश्न पूछने के बदले टीएमसी सांसद और प्रसिद्ध व्यवसायी दर्शन हीरानंदानी के बीच “नकदी” और “उपहार” के लेन-देन के “अकाट्य” साक्ष्य साझा किए हैं. मोइत्रा ने रिश्वत लेने के आरोपों से इनकार किया था, हालांकि स्वीकार किया कि उन्होंने अपने लोकसभा लॉगिन की जानकारी हीरानंदानी के कर्मचारियों के साथ साझा की थी. उन्हें दिसंबर 2023 में “सदन में प्रश्न पूछने के लिए रिश्वत” मामले में लोकसभा से निष्कासित कर दिया गया था. हालांकि, 2024 में वह उसी सीट से 56,000 से अधिक मतों के अंतर से फिर से लोकसभा चुनाव जीत गईं.


