प्रधानमंत्री मोदी ने 11 साल में तुष्टीकरण की राजनीति खत्म की, जवाबदेही और पारर्दिशता लाए: पाटिल

Author: navabharat digital
UPDATED: Tue, 10 Jun 2025 03:03 PM
प्रधानमंत्री मोदी ने 11 साल में तुष्टीकरण की राजनीति खत्म की, जवाबदेही और पारर्दिशता लाए: पाटिल
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद: केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2014 में सत्ता संभालने के बाद तुष्टिकरण की राजनीति को समाप्त किया और जवाबदेही तथा पारर्दिशता लाए। पाटिल मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने के अवसर पर गांधीनगर स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि मोदी जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी के बाद, सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले तीसरे प्रधानमंत्री बन गए हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की गुजरात इकाई के अध्यक्ष पाटिल ने कहा, “भारत ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में इन 11 वर्षों में अभूतपूर्व विकास देखा है। नागरिकों ने कभी नहीं सोचा था कि भारत ऐसी प्रगति हासिल करेगा। विकास के साथ-साथ दुनिया हमारी बढ़ती ताकत देख रही है। इन 11 वर्षों में हमने जो हासिल किया है, उसे स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा।”

बिना नाम लिए पाटिल ने दावा किया कि 2014 से पहले की केंद्र सरकार भ्रष्ट थी, घोटालों में लिप्त थी और नकारात्मकता से भरी थी। केंद्रीय मंत्री ने कहा, “2014 से पहले, सत्ता पाने के लिए तुष्टीकरण करना और लोगों के बीच दरार पैदा करना भारत की राजनीतिक संस्कृति बन गई थी। हालांकि, मोदी ने 11 वर्षों में इस संस्कृति को बदल दिया है।

उन्होंने एक अधिक पारदर्शी और जवाबदेह सरकार की स्थापना की है, जिस पर लोगों को पूरा भरोसा है। आज, पूरा विश्व हमारी ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहा है।” गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ मौजूद लोकसभा सांसद ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया।

पाटिल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का मंत्र लोगों को उनकी अपेक्षा से अधिक देना है। पाटिल ने कहा, “मोदी ने ऐसी सरकार दी है जो सबको साथ लेकर चलती है, कड़े फैसले लेती है और वित्तीय अनुशासन में विश्वास रखती है। 11 साल में सरकार ने तीन तलाक जैसी कुप्रथा और अनुच्छेद 370 को खत्म कर दिया, जो पहले असंभव लगता था।

मोदी जी के प्रयासों की बदौलत हम 2014 के 11वें स्थान से चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहे हैं।” मुख्यमंत्री पटेल ने कहा कि मोदी आजादी के बाद पहले प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने देश हित को सर्वोपरि रखा है।
पटेल ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आम लोगों का सरकार पर भरोसा बढ़ा है।

वह सात दशकों में पहले प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने देश के हित को सर्वोपरि रखा है। इससे पहले औद्योगिक क्षेत्र लालफीताशाही में फंसा हुआ था, क्योंकि पिछली सरकारों के पास विकास समर्थक दृष्टिकोण का अभाव था। मोदी का सत्ता में आना एक महत्वपूर्ण मोड़ था। मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद राजनीतिक स्थिरता और विकास केंद्रित राजनीति का युग शुरू हुआ।”

इसी बीच केंद्रीय मंत्री गजेंद्र ंिसह शेखावत ने सोमवार को तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 11 साल के कार्यकाल ने देश को निराशा और नकारात्मकता से निकालकर प्रगति और सर्वांगीण विकास के मार्ग पर ला खड़ा किया है।

मोदी नीत सरकार के 11 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चेन्नई में स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए शेखावत ने कहा कि सोच और शासन प्रणाली में व्यापक बदलाव आया है।

संस्कृति मंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्ष परिवर्तन, गरीबी उन्मूलन और एक अधिक पारदर्शी व नागरिक केंद्रित शासन व्यवस्था के रहे हैं। उन्होंने कहा, “पिछले 11 वर्षों ने देश को अविश्वास और निराशा की स्थिति से निकालकर 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की प्रतिबद्धता की ओर अग्रसर किया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने ‘अमृत काल’ के दौरान सेवा, सुशासन और गरीबों के कल्याण पर केंद्रित एक नई विकास यात्रा शुरू की है।”

उन्होंने कहा कि प्रत्येक केन्द्रीय योजना के केन्द्र में नागरिकों का कल्याण निहित है। शेखावत ने कहा कि सरकार ने सीमाओं को सुरक्षित किया है, देश में शांति और स्थिरता स्थापित की है, प्रौद्योगिकी को मजबूत किया है और इसे प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाया है।

उन्होंने कहा, “2014 से पहले घोटाले, भ्रष्टाचार, नीतिगत पंगुता और तुष्टिकरण की राजनीति थी। आज नवाचार और परिवर्तन हो रहा है, जो देश को नकारात्मकता से प्रगति की ओर ले जा रहा है।” उन्होंने कहा, “पहले सरकारी योजनाओं में बिचौलियों की मौजूदगी के कारण भ्रष्टाचार होता था, लेकिन प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण की शुरूआत के बाद यह खत्म हो गया है।” शेखावत ने कहा, “पिछले 11 वर्ष दृढ़ संकल्प, सुधार और समावेशी विकास के उदाहरण हैं।”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital