‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारतीय इतिहास में आतंकवाद के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई: राजनाथ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 10 Jun 2025 07:48 PM
‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारतीय इतिहास में आतंकवाद के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई: राजनाथ
ऑडियो सुनें

देहरादून. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद जवाबी कार्रवाई में चलाया गया ‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारत के इतिहास में आतंकवाद के खिलाफ की गई सबसे बड़ी कार्रवाई थी. उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकवादी हमला न केवल भारत के लोगों पर हमला था, बल्कि देश की सामाजिक एकता पर भी हमला था.

देहरादून में एक कार्यक्रम में अपने संबोधन में उन्होंने यह भी कहा कि आतंकवादियों ने पहलगाम में लोगों से उनका धर्म पूछकर उनकी हत्या की, लेकिन ”हमने उनका धर्म नहीं पूछा, बल्कि उनके कर्म देखकर जवाब दिया.” सिंह ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा के घेरे को मजबूत किया है. उन्होंने कहा, ”राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े हर मामले में हमने सरकार के रवैये और काम करने के तरीके दोनों को बदला है. हाल में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दुनिया ने इस बदलाव को देखा.” दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकवादियों ने 26 लोगों की हत्या कर दी, जिनमें ज़्यादातर पर्यटक थे.

पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने छह मई की रात पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ढांचों को नष्ट करने के लिए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया. पाकिस्तानी हमलों के बाद की सभी जवाबी कार्रवाई इसी ऑपरेशन के तहत की गई. सिंह ने इसे भारत की ओर से जवाबी कार्रवाई के तौर पर ”बड़ी और कड़ी कार्रवाई” बताया. उन्होंने कहा, ”यह (ऑपरेशन सिंदूर) भारतीय इतिहास में आतंकवाद के खिलाफ की गई सबसे बड़ी कार्रवाई थी, मैं यह दृढ.ता से कह सकता हूं.” भाषा आशीष माधव

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu