तमिलनाडु: पंचायत चुनाव के दौरान भिड़े द्रमुक और अन्नाद्रमुक कार्यकर्ता

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Sat, 26 Mar 2022 07:49 PM
ऑडियो सुनें

कोयंबटूर. तमिलनाडु में वेल्लोर नगर पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के परोक्ष चुनाव के दौरान शनिवार को सत्तारूढ़ द्रमुक और विपक्षी अन्नाद्रमुक के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. इन दोनों पदों पर अन्नाद्रमुक ने जीत दर्ज की है. अन्नाद्रमुक को 19 फरवरी को 15 सदस्यीय नगर पंचायत के चुनाव में आठ सीटों पर जीत दर्ज की थी जबकि सत्तारूढ़ द्रमुक छह सीट जीती थी और एक सीट निर्दलीय के खाते में गई थी.

इन दोनों पद के लिए चार मार्च को ही चुनाव होने थे लेकिन दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प और मतपेटी को चुनाव कार्यलय से फेंके जाने के बाद चुनाव को टाल दिया गया था. चुनाव प्रक्रिया शुरू होते ही द्रमुक और अन्नाद्रमुक कार्यकर्ताओं के बीच बहस हुई जिसके बाद झगड़ा शुरू हो गया. उन्हें तितर-बितर करने के लिए पुलिस का लाठीचार्ज करना पड़ा.

झड़प के मद्देनजर कुछ द्रमुक सदस्यों ने जिलाधिकार को अर्जी देकर स्थिति को देखते हुए चुनाव टालने पर विचार करने का अनुरोध किया. हालांकि, दोपहर बाद चुनाव की प्रक्रिया संपन्न कराई गई.

अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि नतीजे अध्यक्ष पद पर मुरुथाचलम के पक्ष में आए जबकि उपाध्यक्ष गणेशन चुने गए.
उल्लेखनीय है कि भारी पुलिस बल की तैनाती के बावजूद हुई झड़प में वार्ड संख्या चार से निर्वाचित द्रमुक पार्षद गुणसुंदरी के पति के सिर में काफी चोट आई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news