धन शोधन मामला: महाराष्ट्र के मंत्री अनिल परब ईडी के समक्ष पेश

मुंबई: महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री अनिल परब धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए मंगलवार को यहां प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों के समक्ष पेश हुए। सूत्रों ने यह जानकारी दी। यह मामला रत्नागिरी जिले के दापोली तट क्षेत्र में एक रिजॉर्ट के निर्माण में तटीय विनियमन क्षेत्र (सीआरजेड) के प्रावधानों के कथित उल्लंघन से जुड़ा है।

ईडी ने समन जारी कर परब को उसके मुंबई स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में पेश होने के लिए कहा था। सूत्रों ने बताया कि परब सुबह 11 बजकर 20 मिनट पर दक्षिण मुंबई के बल्लार्ड एस्टेट स्थित ईडी कार्यालय पहुंचे। इससे पहले परब को 15 जून को भी तलब किया गया था, लेकिन आधिकारिक काम का हवाला देते हुए वह उस दिन पेश नहीं हुए थे।

अधिकारियों ने पहले बताया था कि संघीय एजेंसी धन शोधन रोकथाम कानून (पीएमएलए) के तहत परब से पूछताछ करके उनके बयान दर्ज करना चाहती है। ईडी ने परब और अन्य के खिलाफ पीएमएलए के तहत एक नया मामला दर्ज करने के बाद मई में मंत्री के परिसरों तथा उनसे कथित तौर पर जुड़े लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। 57 वर्षीय परब शिवसेना के तीन बार के विधान परिषद सदस्य हैं। वह राज्य के परिवहन और संसदीय कार्य मंत्री भी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button