राज्यसभा में नड्डा ने अपने शब्द वापस लिए, खरगे से माफी मांगी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 29 Jul 2025 08:19 PM
राज्यसभा में नड्डा ने अपने शब्द वापस लिए, खरगे से माफी मांगी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राज्यसभा में मंगलवार को उस समय कांग्रेस सदस्यों ने भारी हंगामा किया जब सदन के नेता जेपी नड्डा ने नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बारे में एक आपत्तिजनक टिप्पणी की. हालांकि नड्डा ने बाद में अपने शब्द वापस ले लिए और खरगे से माफी मांगी.

पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर विषय पर सदन में चर्चा के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने अपना लंबा भाषण दिया. उनका भाषण समाप्त होने के बाद नड्डा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में कुछ ऐसी बातें की हैं, जो उनके जैसे कद के नेता (खरगे) के अनुकूल नहीं है.

भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी दुनिया में सबसे लोकप्रिय नेता हैं और न केवल भाजपा बल्कि पूरे देश को इस पर गर्व हैं.
नड्डा ने आसन से मांग की कि प्रधानमंत्री के बारे में खरगे के आपत्तिजनक शब्दों को सदन की कार्यवाही से निकाल दिया जाना चाहिए. इसी दौरान उन्होंने एक ऐसा आपत्तिजनक शब्द कहा जिस पर कांग्रेस के सदस्य नाराज हो गए.

इस मुद्दे को लेकर सदन में कुछ देर हंगामा हुआ. उस शब्द पर आपत्ति जताते हुए खरगे ने मांग की कि नड्डा को माफी मांगनी चाहिए.
नड्डा ने कहा कि वह अपने शब्द वापस लेते हैं और अगर उनके किसी शब्द से खरगे आहत हुए हैं तो वह खेद जताते हैं. उन्होंने कहा, ”…मैंने अपने शब्द वापस लिए हैं. आपकी भावना को ठेस पहुंची है तो उसके लिए क्षमा भी मांगता हूं. लेकिन भावावेश में आप भी बहुत बह गए.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu