नाबालिग लड़की पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 03 Aug 2025 09:11 PM
नाबालिग लड़की पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
ऑडियो सुनें

बदायूं/श्रावस्ती. उत्तर प्रदेश के बदायूं जिला मुख्यालय में पुलिस ने एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने और उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के आरोपी व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस के अनुसार यह प्राथमिकी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर शनिवार को सदर कोतवाली थाना में अरबाज नामक युवक के खिलाफ दर्ज की गई है, जो पहले हुक्का बार चलाता था. उसका हुक्का बार 2022 में बंद हो चुका है.

प्राथमिकी में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि जुलाई 2022 में उसकी मुलाकात एक युवक (अरबाज) से हुई जिसने खुद को “शिवम उर्फ बॉबी” बताया. युवक ने कलावा पहन रखा था, माथे पर तिलक था और खुद को हिंदू बताता था. धीरे-धीरे अरबाज ने पीड़िता से दोस्ती बढ़ाई और सितंबर 2022 में लड़की को दिल्ली ले जाकर नशीला पदार्थ देकर कई बार दुष्कर्म किया. पीड़िता ने आरोप लगाया है कि अरबाज ने वीडियो बनाकर उसे सार्वजनिक करने की धमकी दी और इस दौरान इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बनाया.

पीड़िता ने प्राथमिकी में यह भी आरोप लगाया कि हुक्का बार में कई ऐसे युवक सक्रिय थे, जो खासतौर पर हिंदू लड़कियों को निशाना बनाते थे. लड़कियों को हुक्के में नशा देकर, वीडियो बनाकर, ब्लैकमेल कर मानसिक और शारीरिक शोषण किया जाता था. पीड़िता द्वारा दर्ज कराए गए मामले में उल्लेख किया गया है कि 16 जुलाई 2025 को आरोपी अरबाज ने उसे रास्ते में रोका और उसके साथ मारपीट की, साथ ही उसको धमकी दी कि अगर उसके खिलाफ कोई कार्रवाई की तो अंजाम अच्छा नहीं होगा.

पीड़िता ने बताया कि वह तुरंत सदर कोतवाली गई और वहां उसने पुलिस को पूरी जानकारी दी, इस पर पुलिस ने अरबाज को पकड़ लिया, लेकिन आधे घंटे बाद ही छोड़ दिया. कोतवाली पुलिस की कार्रवाई से निराश होकर पीड़िता ने बदायूं के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश सिंह को प्रार्थना पत्र दिया.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद शनिवार रात को पीड़िता की तहरीर पर अरबाज के खिलाफ उप्र धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई. पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) रजनीश उपाध्याय ने बताया कि हुक्का बार संचालक आरोपी अरबाज के खिलाफ पहले भी गैंगस्टर अधिनियम के तहत कार्रवाई हो चुकी है और वह जेल जा चुका है.

सीओ ने बताया कि अब उस पर धर्मांतरण और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाते हुए पीड़िता ने मुकदमा दर्ज कराया है. पुलिस दोबारा उसकी तलाश में जुट गई है. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जल्दी ही अरबाज को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी.

श्रावस्ती में छात्रा पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में स्नातक की एक छात्रा से दुष्कर्म करने और अश्लील फोटो के जरिये ब्लैकमेल कर उस पर धर्म परिवर्तन और शादी का दबाव बनाने के आरोप में पुलिस ने उसके सहपाठी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अधीक्षक घनश्याम चौरसिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि शनिवार को इकौना थाना क्षेत्र के एक कस्बे की रहने वाली एक छात्रा ने थाने में दी गयी शिकायत में आरोप लगाया कि कॉलेज में उसके साथ पढ़ने वाले समीर अहमद नामक छात्र ने उसे बहला-फुसलाकर प्रेम जाल में फंसाया और इसी साल 27 अप्रैल को इकौना के पास स्थित नहर पटरी पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया.

उन्होंने बताया कि छात्रा ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने वीडियो कॉल कर धोखे से उसकी अर्धनग्न तस्वीरें ले लीं और पिछले माह 30 जुलाई को धर्म परिवर्तन कर शादी करने के लिए दबाव बनाया. इनकार करने पर धोखे से ली गयी अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने की कोशिश की.

चौरसिया ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर इकौना थाना क्षेत्र के कबीर नगर निवासी आरोपी समीर अहमद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 (1) (दुष्कर्म), 351(3) (आपराधिक धमकी) तथा उत्तर प्रदेश विधि विरूद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम-2021 और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे रविवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu