भक्त माता कर्मा के रास्ते पर चलकर समाज को जोड़ने और सामाजिक विषमता को दूर करने की जरूरत : भूपेश बघेल

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Sun, 27 Mar 2022 06:20 PM
ऑडियो सुनें

रायपुर. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज भक्त माता कर्मा जयंती की पूर्व संध्या पर राजधानी रायपुर के कृष्णा नगर स्थित कर्मा धाम में आयोजित जयंती समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि संगठन एवं समर्पण में ही शक्ति है. उन्होंने भक्त माता कर्मा के रास्ते पर चलकर सामाजिक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, समाज को जोड़ने और सामाजिक विषमता को दूर करने के लिए कार्य करने का आव्हान कार्यक्रम में किया. मुख्यमंत्री ने इसके पहले कर्मा धाम में भक्त माता कर्मा मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की. इस अवसर पर उन्होंने माता कर्मा धाम में बनने वाले ऑडिटोरियम का भूमि पूजन और शिलान्यास किया और परिसर में रुद्राक्ष का पौधा भी रोपा.

गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, लोकसभा सांसद सुनील सोनी, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष थानेश्वर साहू, तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष संदीप साहू, छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ के अध्यक्ष विपिन साहू, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की उपाध्यक्ष चित्ररेखा साहू, जिला साहू समाज के अध्यक्ष मेघराज साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, साहू समाज के पदाधिकारी और सदस्य इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित थे. कर्मा धाम में भक्त माता कर्मा की 1005 वीं जयंती के अवसर पर 21 से 28 मार्च तक जयंती समारोह का आयोजन किया गया है. कार्यक्रम के दौरान साहू समाज और ग्रीन आर्मी द्वारा गोबर के गमले में रूद्राक्ष का पौधा भेंटकर मुख्यमंत्री का सम्मान किया गया.

मुख्यमंत्री ने भक्त माता कर्मा जयंती की दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को भक्त माता कर्मा जयंती की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. इस अवसर पर उन्होंने प्रार्थना की है कि माता कर्मा सभी पर अपना आशीर्वाद बनाए रखें. मुख्यमंत्री ने भक्त माता कर्मा जयंती की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में कहा है कि छत्तीसगढ़ में साहू समाज सहित सभी समाजों द्वारा भक्त माता कर्मा जयंती का पर्व बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है. शोभा यात्रा और कलश यात्रा निकाली जाती है, धार्मिक आयोजन भी होते है. मुख्यमंत्री ने कहा कि भक्तों की आस्था का सम्मान करते हुए राज्य सरकार ने भक्त माता कर्मा जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news