हिजाब मुद्दे पर लड़कियों को निशाना बनाया जा रहा है: हरनाज संधू

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 27 Mar 2022 06:40 PM
ऑडियो सुनें

मुंबई.  मिस यूनिवर्स-2021 हरनाज संधू ने समाज से हिजाब सहित विभिन्न मुद्दों पर लड़कियों को निशाना बनाए जाने पर रोक लगाने की अपील की है. संधू ने कहा, ”वे जैसे चाहती हैं उन्हें जीने दें.” कर्नाटक उच्च न्यायालय की तीन-न्यायाधीशों की पीठ ने हाल में उन याचिकाओं को खारिज कर दिया, जिनमें शैक्षणिक संस्थानों की कक्षाओं में हिजाब पहनने की अनुमति मांगी गई थी.

अदालत ने अपने फैसले में कहा था कि हिजाब इस्लाम में आवश्यक धार्मिक प्रथा नहीं है और शैक्षणिक संस्थानों में निर्धारित पोशाक नियम का पालन किया जाना चाहिए. सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक क्लिप में एक पत्रकार ने संधू से हिजाब के मुद्दे पर उनके विचार पूछे. यह वीडियो यहां 17 मार्च को मिस यूनिवर्स-2021 की घर वापसी के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम का था.

इससे पहले कि संधू सवाल का जवाब देतीं, आयोजक ने हस्तक्षेप करते हुए पत्रकार को कोई भी राजनीतिक सवाल पूछने से परहेज करने के लिए कहा. आयोजक ने मीडिया को संधू की यात्रा, सफलता और प्रेरणास्रोत बनने के बारे में सवाल पूछने का सुझाव दिया.
पत्रकार ने जवाब दिया, “हरनाजÞ को यही बात कहने दीजिये.” इसके बाद संधू ने समाज में लड़कियों को निशाना बनाए जाने पर नाराजगी प्रकट की.

उन्होंने कहा, ‘‘ईमानदारी से बताइए, आप हमेशा लड़कियों को ही क्यों निशाना बनाते हैं? अब भी आप मुझे निशाना बना रहे हैं. जैसे, हिजाब के मुद्दे पर लड़कियों को निशाना बनाया जा रहा है. उन्हें (लड़कियों को) उनकी मर्जी से जीने दीजिये, उन्हें उनकी मंजिल तक पहुंचने दीजिये, उन्हें उड़ने दीजिये. उनके पंख मत काटिये. काटने ही हैं तो अपने पंख काटिये.” इसके बाद संधू ने पत्रकार से उनकी यात्रा, उसके सामने आने वाली बाधाओं और इस साल की शुरुआत में हुई सौंदर्य प्रतियोगिता में सफलता हासिल करने के बारे में सवाल पूछने के लिए कहा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu