पहलगाम हमले के पीड़ित की बेटी ने भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच के बहिष्कार की अपील की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 14 Sep 2025 08:19 PM
पहलगाम हमले के पीड़ित की बेटी ने भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच के बहिष्कार की अपील की
ऑडियो सुनें

पुणे. पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले संतोष जगदाले की बेटी असावरी जगदाले ने एशिया कप में भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच के बहिष्कार का आह्वान किया है. यह मैच रविवार को दुबई में होने वाला है. भारत और पाकिस्तान रविवार शाम को आमने-सामने होंगे, इस साल मई में सीमा पर सैन्य संघर्ष बढ़ने के बाद से दोनों पारंपरिक प्रतिद्वंद्वियों के बीच यह पहला मैच होगा. पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकवादी हमले के जवाब में भारत ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था.

सरकार की नयी खेल नीति के अनुसार भारत पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय मुकाबले नहीं खेलेगा, लेकिन एशिया कप और आईसीसी प्रतियोगिताओं जैसे बहुपक्षीय टूर्नामेंट में उनका सामना करना जारी रखेगा. असावरी जगदाले ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”मुझे लगता है कि रविवार का मैच नहीं होना चाहिए. पांच महीने पहले ही पहलगाम हमले में 26 लोगों की जान गई थी और इतना कुछ होने के बाद भी अगर बीसीसीआई को लगता है कि उन्हें मैच कराना चाहिए तो यह गलत है.” असावरी उस वक्त अपने माता-पिता के साथ बैसरन घाटी में थी जब आतंकवादियों ने उसके पिता और उनके पारिवारिक मित्र कौस्तुभ गणबोटे की गोली मारकर हत्या कर दी.

उन्होंने कहा कि मैच की अनुमति देना पीड़ितों के परिवारों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करना होगा. असावरी ने कहा, ”मुझे उन लोगों के लिए गहरी शर्म महसूस हो रही है जो खेलने के लिए तैयार हैं, जो खेल का आयोजन कर रहे हैं, और जो इस शाम को जयकारे लगा रहे हैं, वे पहलगाम हमले, सैनिकों के बलिदान और वर्षों से हुए ऐसे अनगिनत हमलों को भूल रहे हैं.”

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu