भाजपा ने कोलंबिया में एक कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी की टिप्पणी की आलोचना की

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को कोलंबिया में एक संगोष्ठी के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा की गई टिप्पणी की कड़ी आलोचना की और उन पर विदेशी धरती पर भारत का अपमान करने एवं देश को नीचा दिखाने का आरोप लगाया.
ईआईए विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में राहुल गांधी की टिप्पणी का एक वीडियो क्लिप ‘एक्स’ पर साझा करते हुए,

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा, ”राहुल गांधी ने फिर वही किया, विदेशी धरती पर भारत का अपमान किया. लंदन में हमारे लोकतंत्र को बदनाम करने से लेकर अमेरिका में हमारी संस्थाओं का मजाक उड़ाने तक और अब कोलंबिया में भी, वह भारत को वैश्विक मंच पर अपमानित करने का कोई मौका नहीं छोड़ते.” भाजपा नेता द्वारा साझा किए गए वीडियो में, राहुल गांधी यह कहते हुए सुने जा सकते हैं कि भारतीय ढांचे में खामियां हैं और कुछ जोखिम हैं जिनसे भारत को पार पाना होगा.

उन जोखिमों को स्पष्ट करने के लिए कहे जाने पर, कांग्रेस नेता ने कहा, ”सबसे बड़ा जोखिम भारत में लोकतंत्र पर हो रहा हमला है, क्योंकि भारत में कई धर्म, कई परंपराएं, कई भाषाएं हैं. भारत वास्तव में अपने सभी लोगों के बीच चलने वाली एक संवाद प्रक्रिया है.” गांधी ने कहा कि भिन्न-भिन्न परंपराओं, धर्मों और विचारों को अपनी अभिव्यक्ति और अस्तित्व की आजादी की जरूरत होती है, और उसे बनाने का सबसे अच्छा तरीका लोकतांत्रिक व्यवस्था है. उन्होंने कहा कि इस समय भारत में लोकतांत्रिक व्यवस्था पर व्यापक हमला हो रहा है, इसलिए यही जोखिम है.” लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि दूसरा बड़ा जोखिम देश के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग अवधारणाओं के बीच का अंतर है.

उन्होंने कहा, ”लगभग 16-17 अलग-अलग भाषाएं, अलग-अलग धर्म हैं. इसलिए इन अलग-अलग परंपराओं को पनपने देना, उन्हें अपनी अभिव्यक्ति की जगह देना भारत जैसे देश के लिए बहुत जरूरी है. हम वैसा नहीं कर सकते, जो चीन करता है, यानी लोगों का दमन करना और एक सत्तावादी व्यवस्था चलाना.” कांग्रेस नेता की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाटिया ने कहा, ”यह असहमति नहीं है.” भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ”आपने सत्ता खो दी. देशभक्ति मत खोइए. भाजपा की आलोचना करना आपका अधिकार हो सकता है, लेकिन अपनी घटिया और तुच्छ राजनीति के लिए भारत माता को बदनाम करने की (आप) हिम्मत कैसे कर सकते हैं.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button